नई दिल्ली। आज देशभर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया गया। विभिन्न राज्यों में सरकारी, निजी तथा शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज देशभर में उत्साह और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुआ। राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा हजारों नागरिकों ने सामूहिक योग सत्रों में भाग लिया। इस अवसर पर योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण का आधार बताते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।
सीएम रेखा ने किया योग
दिल्ली में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तरनजीत सिंह संधू और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने योग किया। वही नीली झील के किनारे सीएम रेखा गुप्ता ने योग किया और हरियाली का भी संदेश दिया ।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योग दिवस समारोह में भाग लेते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। राजधानी के कई सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पार्कों और सामुदायिक केंद्रों में भी सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए।
पंजाब में कई सरकारी और निजी संगठनों ने योग कार्यक्रम आयोजित किए। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर के एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित योग सत्र में भाग लिया और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। सीमा सुरक्षा बल ने अमृतसर के अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट, गुरदासपुर के करतारपुर साहिब कॉरिडोर, फिरोजपुर के हुसैनीवाला जेसीपी, फाजिल्का के सादकी जेसीपी तथा राज्य की अन्य इकाइयों और मुख्यालयों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए।
गुजरात में भी अनेक जिलों में योग सत्र आयोजित हुए। मुख्य कार्यक्रम गांधीनगर के मनसा में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उपस्थित रहे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के प्रह्लाद नगर में योग कार्यक्रम में भाग लिया। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने विशेष पहल के तहत कई रेल परिसरों तथा चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में योग सत्र आयोजित किए। वहीं, राजकोट नगर निगम ने एक विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था शुरू की, जिसके अंतर्गत प्रत्येक 15 मिनट पर योग प्रशिक्षण केंद्र सक्रिय रहेगा।
मुख्यमंत्री से लेकर अधिकारियों ने सभी ने किया योग
उत्तर प्रदेश में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद अध्यक्ष तथा मंत्रियों और अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित योग कार्यक्रमों में भाग लिया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में योग किया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी के फोर्ट ग्राउंड में योग सत्र का नेतृत्व किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के संगम नोज और बृजेश पाठक ने लखनऊ के द रेजिडेंसी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
जम्मू-कश्मीर में कश्मीर घाटी के सभी दस जिलों में हजारों लोगों ने योग दिवस समारोह में भाग लिया। श्रीनगर स्थित डल झील के किनारे एसके इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। इसके अलावा जिला मुख्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों और कॉलेजों में भी योग सत्र आयोजित किए गए।
ओडिशा में हजारों लोगों ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया। राज्य का मुख्य आयोजन विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित किया गया।
लद्दाख के कारगिल में ख्री सुल्तान चो स्पोर्ट्स स्टेडियम में योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन के सीधा प्रसारण से हुई। युवा सेवा एवं खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा योग को नियमित जीवनचर्या का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने योग और जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर के स्वर्ण ग्राम एवं स्वर्ण वार्ड कार्यालयों में स्थायी योग केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने विजयवाड़ा के इंदिरा गांधी नगर पालिका स्टेडियम में आयोजित समारोह में कहा कि सरकार योग को हर घर तक पहुँचाकर स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का नेतृत्व योग गुरु बाबा रामदेव ने किया।
गोवा के तालेगांव स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक, छात्र, शिक्षक, सरकारी कर्मचारी और योग साधक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने योग को मानसिक संतुलन, अनुशासन और समग्र स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कॉमन योग प्रोटोकॉल पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
पुद्दुचेरी में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने अपनी पत्नी के साथ बीच रोड पर आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया तथा ‘योग 365’ पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, मंत्री राजवेलु, विधायक साई जे. सरवनन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, छात्र और नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह से पहले प्रधानमंत्री के योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।



