नई दिल्ली: संचार मंत्रालय के अंतर्गत केंद्र सरकार के उद्यम, टेलीकम्युनिकेशंस कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (टीसीआईएल) ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य पीएनबी के आईटी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और इसकी प्रौद्योगिकी परिवर्तन यात्रा को तेज करना है, जिससे तेज, अधिक विश्वसनीय और ग्राहक-केंद्रित डिजिटल सेवाएं संभव हो सकें।
समझौते का उद्देश्य
इस समझौते के अंतर्गत टीसीआईएल आईटी परामर्श, परियोजना प्रबंधन और जटिल तकनीकी पहलों के क्रियान्वयन में विशेषज्ञता मुहैया कराएगा। इस सहयोग का उद्देश्य मज़बूत, सुरक्षित और नियामक-अनुपालक साधन प्रदान करना है जो पीएनबी को डिजिटल रुप से मज़बूत करेगा, परिचालन क्षमता में सुधार करेगा और ग्राहक सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देगा।
सहायता के प्रमुख क्षेत्रों में आरएफपी जीवनचक्र प्रबंधन, सिस्टम एकीकरण, आईटी अवसंरचना का कार्यान्वयन और नियामक-अनुपालक प्रौद्योगिकी परिनियोजन शामिल हैं। आवश्यकताओं के आधार पर, टीसीआईएल परियोजना प्रबंधन सलाहकार (पीएमसी) या परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी (पीआईए) के रूप में कार्य करेगा, और पीएनबी के प्रौद्योगिकी कार्ययोजना और ग्राहक प्राथमिकताओं के अनुरूप समाधान सुनिश्चित करेगा।
क्या कहा दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने
टीसीआईएल के सीएमडी संजीव कुमार ने कहा कि पीएनबी के साथ यह भागीदारी अग्रणी संस्थानों के लिए एक विश्वसनीय प्रौद्योगिकी भागीदार के रूप में टीसीआईएल की भूमिका को रेखांकित करती है। पीएनबी के महाप्रबंधक मनीष अग्रवाल ने कहा कि “टीसीआईएल के साथ यह रणनीतिक साझेदारी पीएनबी की आईटी परिवर्तन यात्रा में एक अहम चरण है। यह सहयोग हमें एक अधिक लचीला, सुरक्षित और ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग पारिस्थितिकी प्रणाली बनाने में सक्षम बनाएगा।
इसको भी पढ़ें: दुश्मन को मिलेगा करारा जवाब, स्टील्थ फ्रिगेट दो नए पोत होंगे शामिल
कितना अहम है समझौता
यह सहयोग पीएनबी को नई तकनीकों को तेज़ी से अपनाने, सुरक्षित और अनुपालन संचालन सुनिश्चित करने और ग्राहकों को तेज़, अधिक विश्वसनीय और डिजिटल रूप से सक्षम बैंकिंग अनुभव प्रदान करने में सक्षम बनाएगा। केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया दृष्टिकोण का भी समर्थन करता है, जिससे तकनीक-संचालित वित्तीय सेवाओं में विश्वास मज़बूत होगा और देश के डिजिटल बैंकिंग परिदृश्य को आगे बढ़ाया जा सकेगा।



