नई दिल्ली: अत्याधुनिक युद्धक क्षमताओं से लैस युद्धपोत आईएनएस तमाल ने 13-16 अगस्त तक इटली में नेपल्स बंदरगाह की यात्रा पूरी कर ली है। इटली में चार दिनों तक रहे तमाल से दोनों देशों के बीच रिश्ते और गहरे हुए।
आईटीएस ट्राइस्टे के साथ पैसेज अभ्यास
आईएनएस तमाल ने नेपल्स बंदरगाह में प्रवेश करने से पहले इटली की नौसेना की ओर से हाल ही में कमीशन किए गए लैंडिंग हेलीकॉप्टर डॉक (एलएचडी) आईटीएस ट्राइस्टे के साथ पैसेज अभ्यास (पीएएसएसईएक्स) में भाग लिया। पीएएसएसईएक्स के दौरान संयुक्त अभियानों में संचार अभ्यास, युद्धाभ्यास और उड़ान संचालन तथा समुद्री सवारों का आदान-प्रदान शामिल था। पैसेज का समापन स्टीम पास्ट के साथ किया गया।
रणनीतिक कार्य योजना पर हुई चर्चा
आईएनएस तमाल ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग व सहभागिता को बढ़ाने पर केंद्रित कई गतिविधियों में भाग लिया। वरिष्ठ सैन्य व स्थानीय अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा और व्यावसायिक आदान-प्रदान इस यात्रा के मुख्य आकर्षण थे। कमांडिंग ऑफिसर ने इटली की नौसेना के लॉजिस्टिक्स कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ वाइस एडमिरल पियरपोलो बुद्री और नेपल्स की डिप्टी मेयर लॉरा लिटो से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-इटली रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
समुद्री कूटनीति के लिए अहम है तमाल की यह यात्रा
आईएनएस तमाल के इस दौरे से भारत और इटली के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को आगे बढ़ने की राह मिली है। इसने दोनों देशों की नौसेनाओं को सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने और संयुक्त सहयोग के अवसरों का लाभ उठाने का अवसर भी प्रदान किया है। 16 अगस्त, 2025 को नेपल्स से प्रस्थान के बाद यह युध्दपोत भारत में अपने घरेलू बंदरगाह तक पहुंचने के रास्ते में अन्य यूरोपीय एवं एशियाई देशों के बंदरगाहों का दौरा करेगा जिससे समुद्री कूटनीति को बढ़ावा मिलेगा और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों का सशक्तिकरण होगा।



