नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने 66वें जन्मदिन पर पांच संकल्प लेने की घोषणा की। समर्थकों ने इस दिन को ‘प्रेम सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया। भोपाल के स्मार्ट पार्क में परिवार के साथ पौधारोपण करने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके संकल्प पर्यावरण संरक्षण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए टॉपर्स को 51 हजार रुपये तक की सम्मान राशि दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत
भोपाल से विदिशा पहुंचकर उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर संस्कृति भवन में ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत की। इस पहल के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोचिंग की सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगी, ताकि जो विद्यार्थी केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, वे घर से ही लाभ उठा सकें। विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में 100-100 विद्यार्थियों के पहले बैच की शुरुआत जल्द की जाएगी।
कोचिंग के लिए पंजीयन प्रक्रिया क्यूआर कोड के माध्यम से शुरू कर दी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च तय की गई है। इसके बाद प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें चयनित 100 विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।



