नई दिल्ली: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट के पूर्व निदेशक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर 17 छात्राओं से यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। बुधवार को इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार स्वामी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के आगरा में ट्रेस हो गई है, जबकि इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से उनकी फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट वाली वॉल्वो कार जब्त कर ली गई।
चैतन्यानंद पर अश्लील मैसेज और जबरन छेड़छाड़ का आरोप
पीड़ित छात्राएं इंस्टीट्यूट में EWS (इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन) स्कॉलरशिप के तहत पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (PGDM) कोर्स कर रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि स्वामी चैतन्यानंद ने इन छात्राओं को व्हाट्सऐप पर अश्लील मैसेज भेजे, गंदी बातें कीं और जबरन शारीरिक शोषण किया। एक पीड़िता ने बताया कि वह कहते थे मेरे कमरे में आओ, मैं तुम्हें विदेश घुमाऊंगा कोई खर्चा नहीं आएगा।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को वसंत कुंज नॉर्थ थाने में इंस्टीट्यूट के एडमिनिस्ट्रेटर पीए मुरली की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। पूछताछ में 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें से 17 ने यौन शोषण के आरोप लगाए। पीड़ित छात्राओं ने खुलासा किया कि इंस्टीट्यूट की महिला फैकल्टी और वार्डन ने उन्हें आरोपी से मिलवाया और उनकी बातें मानने का दबाव डाला। एक छात्रा ने बताया कि वार्डन ने कहा कि स्वामी जी से अच्छे संबंध रखोगी तो स्कॉलरशिप और जॉब मिल जाएगी।
फर्जी UN नंबर प्लेट वाली लग्जरी कार जब्त, लुकआउट नोटिस जारी
FIR के बाद स्वामी चैतन्यानंद को 9 अगस्त को पद से हटा दिया गया और निष्कासित कर दिया गया। लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में एक वॉल्वो कार मिली, जिस पर फर्जी 39 UN 1 नंबर प्लेट लगी थी। यह नंबर आमतौर पर संयुक्त राष्ट्र (UN) के राजनयिकों को जारी होता है, लेकिन पुलिस ने पुष्टि की कि यह फर्जी था और आरोपी ने खुद ही बनवाया था। कार जब्त कर ली गई है।
ये भी पढ़ें- नालंदा के चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की मौत पर बवाल
आगरा में मिली चैतन्यानंद की लोकेशन- पुलिस
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी की लोकेशन आगरा के पास ट्रेस हो गई है। लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है ताकि वह देश छोड़ न सके। मामला BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 75(2)/79/351(2) के तहत दर्ज है, जिसमें यौन शोषण, धोखाधड़ी और सबूतों से छेड़छाड़ जैसे आरोप शामिल हैं।
शारदा पीठ ने आरोपी से सारे संबंध तोड़े
श्री शारदा इंस्टीट्यूट कर्नाटक के श्रृंगेरी स्थित दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठ की दिल्ली शाखा है। पीठ ने बयान जारी कर कहा, “स्वामी चैतन्यानंद का आचरण अवैध और पीठ के हितों के विरुद्ध है। हमने उनसे सभी संबंध तोड़ लिए हैं।” पीठ ने पुलिस को शिकायत भी की है।
जांच में पता चला कि है आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। 2009 में दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था। 2016 में वसंत कुंज में एक महिला ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। मूल रूप से ओडिशा में जन्मे स्वामी चैतन्यानंद के निजी जीवन की ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



