नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा में भाग लेते हुए मंगलवार शाम लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जवाब दिया। उन्होंने लोकसभा में कहा कि दुनिया के किसी भी नेता ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को नहीं रुकवाया था। उन्होंने कहा कि 9 मई की रात और 10 मई की सुबह हमने पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को तहस-नहस कर दिया था। आज पाकिस्तान भी जान गया है कि भारत का हर जवाब पहले से ज्यादा तगड़ा होता है। उसे ये भी पता है कि भविष्य में नौबत आई तो भारत आगे कुछ भी कर सकता है। इसलिए मैं फिर से लोकतंत्र के इस मंदिर में दोहराना चाहता हूं कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है। अगर पाकिस्तान ने दुस्साहस की, कल्पना की तो, उसे करारा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, भारतीय सेना के प्रहार ने पाकिस्तान को घुटने पर आने के लिए मजबूर कर दिया। पाकिस्तान ने डीजीएमओ को फोन कर गुहार लगाई कि बस करो, बहुत मारा। अब ज्यादा मार झेलने की ताकत नहीं है। प्लीज हमला रोक दो। भारत ने पहले ही दिन कह दिया था कि भारत ने अपने लक्ष्य पूरे कर दिए। अगर आप कुछ करोगे तो जवाब देंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि 9 तारीख की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मुझसे बात करने का प्रयास किया। वह घंटों कोशिश कर रहे थे, लेकिन मेरी सेना के साथ बैठक चल रही थी, तो मैं फोन उठा नहीं पाया, लेकिन बाद में मैंने कॉल बैक किया। फिर अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने बताया कि पाकिस्तान बहुत बड़ा हमला करने वाला है। इस पर मैंने कहा, अगर पाकिस्तान का ये इरादा है, तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा। अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम बड़ा हमला कर जवाब देंगे। आगे मैंने यह भी कहा था, ‘हम गोली का जवाब गोले से देंगे।’
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 29 बार कहा कि हमने युद्ध रुकवाया। अगर दम है, तो प्रधानमंत्री सदन में यह बोल दें कि वे असत्य बोल रहे हैं। इंदिरा गांधी की 50 प्रतिशत हिम्मत भी हो, तो वे यह कह देंगे। अगर सचमुच में दम है तो पीएम को यहां कह देना चाहिए कि डोनाल्ड ट्रंप झूठ बोल रहा है।
Speaking in the Lok Sabha.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 29, 2025
https://t.co/5YMO8qcisH
हमने सिंदूर से लेकर सिंधु तक कार्रवाई की
इससे पहले पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा कि संसद का यह सत्र, भारत के गौरव गान का सत्र है। जब मैं विजय उत्सव की बात कर रहा हूं तो मैं कहना चाहता हूं कि आतंकी हेडक्वार्टर को मिट्टी में मिलाने का, भारतीय सेना की शौर्य और विजय का, भारत के 140 करोड़ लोगों की जीत का विजय उत्सव है। मैं इसी विजय उत्सव भाव से भारत का पक्ष रखने के लिए खड़ा हुआ हूं। जिन्हें भारत का पक्ष नहीं दिखता है, उन्हें मैं आईना दिखाने के लिए खड़ा हूं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जिस तरह से लोगों ने मेरा साथ दिया, आशीर्वाद दिया, मुझ पर देशवासियों का कर्ज है। मैं देशवासियों का अभिनंदन करता हूं।
उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में जिस प्रकार की क्रूा घटना घटी, जिस प्रकार से आतंकियों ने निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछ-पूछकर गोलियां मारी, यह क्रूरता की पराकाष्ठा थी। भारत में दंगे फैलाने की साजिश थी। मैं देशवासियों को धन्यवाद करता हूं कि देश ने एकता के साथ उस साजिश को नाकाम कर दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल के बाद मैंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि हमारा संकल्प है कि हम आतंकवाद को मिट्टी में मिला देंगे। सजा उनके आकाओं को भी मिलेगी और कल्पना से बड़ी सजा मिलेगी। 22 अप्रैल को मैं विदेश दौरे पर था और मैं तुरंत लौट कर आया। आने के तुरंत बाद मैंने एक बैठक बुलाई, जिसमें निर्देश दिया गया कि आतंकवाद को करारा जवाब देना होगा, यह हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। हमें अपने सैन्य बलों की क्षमता और साहस पर पूरा भरोसा है। सेना को कार्रवाई की खुली छूट दी गई। यह भी कहा गया कि सेना तय करे कि कब, कहां, किस प्रकार से जवाब देना है। हमें गर्व है कि आतंकवादियों को वह सजा मिली, सजा ऐसी है कि आतंकी के आकाओं की नींद उड़ी हुई है।
सेना ने 22 मिनट में 22 अप्रैल का बदला लिया
पहलगाम हमले के बाद से ही पाकिस्तान सेना को अंदाजा लग चुका था कि भारत कोई कार्रवाई करेगा। न्यूक्लियर की धमकी के भी बयान आने लगे थे। भारत ने 6 मई की रात और 7 मई की सुबह को जैसे सोचा था, वैसी ही कार्रवाई की। 22 मिनट में 22 अप्रैल का बदला निर्धारित समय में हमारी सेना ने ले लिया।
न्यूक्लियर धमकी को झूठा साबित
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां हम कभी नहीं घुस पाए, वहां हम पहुंचे। पाकिस्तान के कोने-कोने में आतंकी अड्डों को धुआं-धुआं कर दिया। हमारे सैनिकों ने आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया। पाकिस्तान की न्यूक्लियर धमकी को झूठा साबित कर दिया। भारत ने पाकिस्तान को समझा दिया कि अब न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी और न ही न्यूक्लियर ब्लैमेलिंग के सामने भारत झुकेगा। भारत ने पाकिस्तान के सीने पर सटीक प्रहार किए और पाकिस्तान के एयरबेस को काफी नुकसान पहुंचाया। आज भी उनके कई एयरबेस आईसीयू में पड़े हैं।
पछले 10 सालों में हमने तैयारी की थी
पीएम मोदी ने सदन को बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सफल सिद्ध हुआ है। वह इसलिए कि पिछले 10 सालों में हमने तैयारी की थी। नहीं तो इस तकनीकी युद्ध में हमारा बड़ा नुकसान होता, जिसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। दुनिया ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की ताकत पहचानी। ‘मेड इन इंडिया’ मिसाइलों ने पाकिस्तान के हथियारों की पोल खोल दी। पहले भी आतंकी घटनाएं होती थीं, लेकिन तब आतंकवाद के मास्टरमाइंड निश्चिंत रहते थे कि उन्हें कुछ नहीं होगा, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। अब उन्हें पता है कि अब भारत आएगा और मारकर जाएगा। यह न्यू नॉर्मल भारत ने सेट कर दिया है। हमने सिंदूर से लेकर सिंधु तक, पाकिस्तान पर कार्रवाई की है।



