लखनऊ | उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों के लिए कल का दिन खुशियों भरा होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (13 मार्च) को असम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करेंगे।
इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 4335.11 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
यूपी को मिली देश में सबसे अधिक धनराशि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इस योजना का लाभ उठाने में देश में अग्रणी रहा है। आंकड़ों के अनुसार, 21वीं किस्त तक यूपी के किसानों के खाते में कुल 94,668.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। कल की किस्त जारी होने के बाद यह कुल राशि बढ़कर 99,003.69 करोड़ रुपये हो जाएगी, जो 1 लाख करोड़ के ऐतिहासिक आंकड़े के बेहद करीब है।
प्रतिवर्ष मिलते हैं 6 हजार रुपये
पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। कल जारी होने वाली किस्त दिसंबर-मार्च अवधि की है। इससे पहले 19 नवंबर, 2025 को कोयम्बटूर से 21वीं किस्त जारी की गई थी।



