नयी दिल्ली: यमुना को अविरल और निर्मल बनाने के संकल्प के साथ जल सहेलियों की यात्रा दूसरे दिन भी उत्साह और समर्पण के साथ जारी रही। यात्रा की शुरुआत पिपरौली गढ़िया स्थित श्री महेंद्र सिंह महाविद्यालय से हुई, जहां कलश पूजन के साथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
जल सहेली समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा कुशवाह ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सहभागी बनकर जल संरक्षण का संदेश फैलाएँ। महाविद्यालय के संस्थापक जे.एस. परिहार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम का पौधा डॉ. संजय सिंह को भेंट किया।

डॉ. संजय सिंह ने कहा कि 10 डिग्री तापमान और घने कोहरे के बावजूद जल सहेलियों का उत्साह और लोगों का समर्थन देखकर लगता है कि देश में जल क्रांति का नया आगाज हो रहा है। यात्रा के दौरान लगभग 12 से अधिक गांवों के समुदाय ने यमुना के संरक्षण की शपथ ली।
हनुमन्तपुरा पहुँचने पर ग्राम प्रधान सीमा देवी ने जल-कलश का तिलक और माल्यार्पण कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य राजीव यादव समेत सैकड़ों लोगों ने जल सहेलियों का हनुमन्तपुरा चौराहा पर स्वागत किया। यात्रा में पोपे गुप्ता, तोमर, डॉ. हरेंद्र, राज (पत्रकार), निक्की, गोपाल, सुनील और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



