नई दिल्ली: देश भक्ति का जज्बा जब युवाओं के दिलों में उमड़ता है, तो हर कदम मातृभूमि के लिए समर्पित हो जाता है। शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए, युवाओं ने एक बार फिर अपनी एकता और उत्साह के साथ “देश भक्ति की दौड़” में हिस्सा लिया। यह दौड़ न केवल शारीरिक बल का प्रतीक थी, बल्कि उन वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि थी, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। इस आयोजन में युवाओं का जोश, देश के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और शहीदों के बलिदान को सम्मान देने का संकल्प साफ झलकता है। यह दौड़ हर भारतीय के दिल में देश भक्ति की अलख जगाने का एक जीवंत प्रयास है। देश के 79वें Independence Day के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा अभियान और दिल्ली उठे गर्व से थीम के अंतर्गत दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने रविवार को त्यागराज स्टेडियम से तिरंगा रन को झंडी दिखा कर रवाना किया।
Independence Day राष्ट्रीय गौरव और एकता प्रतीक
7,900 बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर त्यागराज स्टेडियम से नेशनल वॉर मेमोरियल तक दौड़ लगाई और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतीकात्मक रूप से चुना गया यह मार्ग स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के सम्मान का प्रतीक है। जिसने प्रतिभागियों में राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना को प्रबल किया। इस मौके पर मंत्री आशीष सूद ने तिरंगा दौड़ में शामिल प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा की यह तिरंगा रन केवल एक दौड़ मात्र नहीं है बल्कि भारत की एकता, देशभक्ति और हमारे नागरिकों की अटूट भावना का विशाल उत्सव है। यह आयोजन दिल्ली वालों को एकजुट होकर स्वतंत्रता का उत्सव मनाने और एक स्वच्छ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है।
देशभक्ति और एकता का संदेश गूंजा
आशीष सूद ने कहा इस दौड़ से पूरे शहर में देशभक्ति और एकता का संदेश गूंज उठा है जिसने 79वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और भव्य बना दिया है। दिल्ली उठे गर्व से थीम पर आधारित यह कार्यक्रम दिल्ली के नागरिकों की देशभक्ति और एकता के सामूहिक प्रदर्शन का प्रतीक भी है । तिरंगा रन एक प्रकार से एकता और देशभक्ति का आंदोलन है जिसका नारा है स्वतंत्रता के लिए दौड़ो, एकता के लिए दौड़ो। आओ, गर्व के रंगों में रंग दें दिल्ली की गलियों को। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के लोगों को एकजुट कर भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और समृद्ध विरासत का उत्सव मनाना है। हम सब मिलकर अपनी स्वतंत्रता का उत्सव मनाएं और एकजुट व समृद्ध भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य, वीरता, पराक्रम और देश के प्रति अपना सर्वस्व न्योछावर करने के जज्बे को याद करते हुए सूद ने तिरंगा दौड़ में शामिल युवाओं का आह्वान किया कि वह भी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के भाव को अपने जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
गुम नाम शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
शिक्षा मंत्री ने कहा की यह “तिरंगा यात्रा” देश की आजादी में शहीद हुए उन गुम नाम शहीदों के प्रति भी एक सच्ची श्रद्धांजलि है। दिल्ली के युवा, बच्चे और नागरिक हम सब मिलकर तिरंगा लेकर दौड़े और गुमनाम शहीदों के प्रति श्रद्धा का भाव रखें जो भारत माता के सच्चे सपूत थे।



