ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सेक्टर पाई-1 स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां से तेल डलवाने के बाद कई वाहन बीच सड़क पर ही जवाब दे गए। शनिवार को हुई इस घटना में 25 से अधिक कार, स्कूटी और बाइक के इंजन अचानक बंद हो गए, जिससे गुस्साए वाहन स्वामियों ने पंप पर जमकर हंगामा किया।
मैकेनिक की जांच में खुला मिलावट का राज
जब पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर गाड़ियां खराब होने लगी, तो वाहन मालिकों ने पास के मैकेनिकों को बुलाया। जांच के दौरान यह देखकर हर कोई दंग रह गया कि वाहनों की तेल की टंकियों में पेट्रोल के नाम पर पानी भरा हुआ था। इसके बाद आक्रोशित लोग अपने खराब वाहनों को धक्का मारकर वापस पेट्रोल पंप पर ले आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्राहकों ने सबूत के तौर पर पारदर्शी बोतलों में भरा पानी मिश्रित पेट्रोल दिखाया।
भारी नुकसान और यात्रियों की परेशानी
पीड़ितों का आरोप है कि संचालक की घोर लापरवाही के कारण उनके वाहनों के इंजन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इनमें से कई लोग हरिद्वार, दिल्ली और गुड़गांव जैसी लंबी दूरी की यात्रा पर निकले थे, जो बीच रास्ते में फंस गए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पंप के कर्मचारी जिम्मेदारी लेने के बजाय वहां से भागते हुए नजर आए, जिससे तनाव और बढ़ गया।
जांच और लाइसेंस रद्द करने की मांग
सोशल मीडिया पर मिलावटी तेल के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल पंप का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए और वाहन मालिकों के नुकसान की भरपाई की जाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पेट्रोल की टंकी में पानी के रिसाव या बारिश के कारण यह समस्या होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, संबंधित विभाग और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।



