नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना पहली बार 1.50 लाख रुपये के पार निकल गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, सोना 7,795 रुपये की बढ़त के साथ 1,55,204 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इससे पहले मंगलवार को इसका भाव 1,47,409 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इस तरह साल 2026 में अब तक सोना 21,744 रुपये महंगा हो चुका है।
राज्यों में 24 और 22 कैरेट सोने के भाव
कीमतों पर नजर रखने वाली वेबसाइट गुडरिटर्न्स के मुताबिक, बुधवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1,49,790 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जबकि कई राज्यों में यह 1.50 लाख रुपये के स्तर को भी पार कर गया। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,37,310 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।
चांदी भी रिकॉर्ड स्तर पर
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया। आज एक किलो चांदी 10,730 रुपये महंगी होकर 3,20,075 रुपये पर पहुंच गई। इससे पहले मंगलवार को इसका भाव 3,09,345 रुपये प्रति किलो था। महज 21 दिनों में ही चांदी की कीमत 90,825 रुपये बढ़ चुकी है।
वैश्विक हालात से बढ़ी चमक
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी टैरिफ नीति और मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव की वजह से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ी है। अगर वैश्विक अनिश्चितता और बढ़ती है, तो 2026 के मध्य तक सोना 1,90,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को भी छू सकता है।



