बरवाहा: केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की परिचालन क्षमता में 8% की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। 15 नवंबर 2025 को 11,729 नए प्रशिक्षित कांस्टेबल/जीडी ने 6 RTCs में पासिंग आउट परेड के बाद बल में शामिल किया गया। पासिंग आउट परेड 6 आरटीसी में आयोजित की गई थी। देश भर के छह क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों बरवाहा – मध्य प्रदेश, देवली – राजस्थान, बेहरोर – राजस्थान, थक्कोलम – तमिलनाडु, भिलाई – छत्तीसगढ़, मुंडली – ओडिशा से प्रशिक्षण लेने के बाद सीआईएसएफ के परिचालन सेक्टरों में शामिल होंगे।
CISF के जवान 360 से प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात
यह मजबूती गृह मंत्रालय द्वारा CISF के लिए 2.2 लाख कर्मियों की बढ़ी हुई स्वीकृत संख्या को मंजूरी देने के तुरंत बाद आई है, जिससे बल बढ़ती राष्ट्रीय सुरक्षा जिम्मेदारियों को पूरा करने में सक्षम होगा। CISF, 360 से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों जैसे एयरपोर्ट, बंदरगाह, परमाणु संयंत्र, अंतरिक्ष केंद्र, मेट्रो नेटवर्क, इस्पात संयंत्र और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित इकाइयों को सुरक्षा प्रदान करता है, को इस नई वृद्धि से ऑपरेशनल क्षमता में बढ़ावा मिलेगा। इस क्षमता वृद्धि से, CISF सुरक्षा घेरे में लाए गए कई नए और उच्च-महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, जैसे जेवर हवाई अड्डा, नवी मुंबई हवाई अड्डा, भाखड़ा बांध और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं में मैनपावर की ज़रूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ऑपरेशनल जरूरतों के आधार पर रणनीतिक मेनपावर वितरण
नए कर्मियों की पोस्टिंग निम्न बिंदुओं के आधार पर सावधानीपूर्वक और डेटा आधारित आंकलन के बाद की गई है। इकाइयों के खतरे का स्तर। जनता की आवाजाही की मात्रा। पुरुष-महिला अनुपात। क्षेत्र-विशेष की ऑपरेशनल जरूरतें। भर्ती कर्मियों की शैक्षिणिक और तकनीकी योग्यता।
इन बातों को ध्यान में रखते हुए, संवेदनशील इकाइयों जैसे जम्मू-कश्मीर और वामपंथी उग्रवाद क्षेत्र, साथ ही एयरपोर्ट और DMRC में लगभग 90% मैनपावर की आवश्यकता नई पोस्टिंग के माध्यम से पूरी कर दी गई हैं।
महिला कर्मियों की महत्वपूर्ण भर्ती
1,896 महिला कार्मिकों के जुड़ने से परिचालन इकाइयों में महिला बल कर्मियों की संख्या में 18% की उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। ऑपरेशनल जरूरतों और मौजूदा रिक्तियों को ध्यान में रखते हुए, इनमें से अधिकांश को एयरपोर्ट और डीएमआरसी इकाइयों में तैनात किया जा रहा है, जहाँ महिलाएँ सुरक्षा जाँच और यात्री प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शैक्षणिक और तकनीकी विशेषज्ञता को प्राथमिकता
जनसंपर्क अधिकारी उप कमांडेंट सरोज भूपेंद्र ने बताया कि ग्रेजुएट या तकनीकी योग्यता वाले भर्ती कार्मिकों को एयरपोर्ट सुरक्षा में प्राथमिकता से तैनात किया गया है, क्योंकि वहां उच्च-स्तरीय स्क्रिनिंग सिस्टम, उन्नत सुरक्षा उपकरण और तकनीक आधारित प्रक्रियाओं के उपयोग के लिए उच्च स्तर की तकनीकी दक्षता की आवश्यकता होती है। बड़े पैमाने की क्षमता वर्धन के साथ, सीआईएसएफ देश के सबसे संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए तैयार है, जिससे राष्ट्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे को सुरक्षित, कुशल और तकनीक-सक्षम सुरक्षा प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता और दृढ़ होती है।



