नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक खतरनाक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य हैंडलर शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। 29 मार्च की रात उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने उसे दबोचा। जांच में सामने आया है कि शब्बीर बांग्लादेश से अपना नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था और हाल ही में उजागर हुए लश्कर मॉड्यूल का मुख्य साजिशकर्ता है।
नेपाल के रास्ते घुसपैठ और भर्ती की साजिश
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शब्बीर अहमद लोन सीधे भारत न आकर नेपाल बॉर्डर के रास्ते चोरी-छिपे देश में दाखिल हुआ था। वह दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहकर लश्कर के लिए ‘स्लीपर सेल’ तैयार करने और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा था। उसे पाकिस्तान में बैठे आकाओं से सीधे निर्देश मिल रहे थे कि भारत में संगठन के नेटवर्क को दोबारा मजबूत किया जाए।
डिजिटल माध्यमों से फैला रहा था जाल
शब्बीर युवाओं को फंसाने के लिए सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल करता था। वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित कर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाता था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उसका मकसद भारत में एक नया और अभेद्य नेटवर्क तैयार करना था, ताकि भविष्य में बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया जा सके।
2007 में भी हुआ था गिरफ्तार
शब्बीर लोन का आतंकी इतिहास पुराना है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक साल 2007 में उसे गैरकानूनी गतिविधियों (UAPA) और विस्फोटक अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे, जिसके लिए उसे 6 साल की सजा भी हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से सक्रिय हो गया और सीमा पार बैठे हैंडलरों के संपर्क में आ गया।
गिरफ्तारी के समय कई देशों की करेंसी बरामद
जब स्पेशल सेल ने शब्बीर को घेरा, तो उसके पास से अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस ने उसके पास से बांग्लादेशी टका, पाकिस्तानी रुपये, नेपाली और भारतीय मुद्रा बरामद की। साथ ही एक नेपाली सिम कार्ड, मोबाइल फोन, आधार कार्ड की कॉपी और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।
देशव्यापी नेटवर्क बनाने की थी योजना
जांच एजेंसियों के मुताबिक, शब्बीर का नेटवर्क सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं था। वह देश के अन्य राज्यों में भी युवाओं को जोड़ने की फिराक में था। फिलहाल स्पेशल सेल उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके स्थानीय संपर्कों और भविष्य की साजिशों का खुलासा किया जा सके।



