नई दिल्ली: दिल्ली वालों को इसी महीने डबल तोहफा मिलने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो के चौथे फेज की पिंक लाइन के साथ ही रैपिड रेल की नमो भारत ट्रेन का भी एक्सटेंशन होने जा रहा है। इन दोनों लाइनों को कमिश्नर मेट्रो रेलवे सेफ्टी समेत सभी एजेंसियों से ग्रीन सिग्नल मिल चुका है। उम्मीद की जा रही है कि एक ही कार्यक्रम में मेट्रो और आरआरटीएस दोनों का ही उदघाटन किया जाएगा। सूत्रों से पता चला है कि उदघाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से समय मांगा गया है। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि संभवत: अगले कुछ दिनों में इन दोनों ही लाइनों का उदघाटन किया जाएगा।
पिंक लाइन के एक्सटेंशन से फायदा
अभी पिंक लाइन की मेट्रो ट्रेनें उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर से मजलिस पार्क तक जाती हैं। अब मजलिस पार्क से इस लाइन को जगतपुर गांव तक एक्सटेंड किया जा रहा है। इस लाइन पर तीन नए स्टेशन बनकर तैयार हैं। उदघाटन के बाद मेट्रो के पैसेंजर मौजपुर से सीधे जगतपुर तक जा सकेंगे। इस एक्सटेंशन की खास बात ये है कि बुराड़ी, जगतपुर और आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के लोग मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकेंगे। अब तक ये इलाका मेट्रो लाइन से लगभग वंचित ही रहा है और उन्हें मेट्रो पकड़ने के लिए मजलिस पार्क या आजादपुर जाना पड़ता है। इस तरह से मेट्रो के उदघाटन से लाखों की आबादी वाले इस इलाके लोगों को फायदा होगा। वैसे इस लाइन का एक्सटेंशन मौजपुर तक होना है लेकिन उसमें अभी कुछ वक्त लगेगा। उसके बाद दिल्ली की ये पहली ऐसी मेट्रो लाइन होगी, जिसका पूरा रिंग तैयार हो जाएगा।
रैपिड रेल भी पहुंचेगी सराय काले खां
मेरठ से न्यू अशोक नगर तक चलने वाली रैपिड रेल भी इसी महीने सराय काले खां तक पहुंचने की उम्मीद है। अभी रैपिड रेल मेरठ से चलकर न्यू अशोक नगर तक आती है। न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच के सेक्शन का काम पूरा हो चुका है और सेफ्टी संबंधी सभी औपचारिकताएं भी पहले ही पूरी हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें- बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस वर्ष फिल्मों के साथ कूटनीति
इस लाइन के उदघाटन का भी बड़ी संख्या में यात्रियों को फायदा होगा। इस सेक्शन के शुन होने के बाद यात्री मेरठ से सीधे सराय काले खां तक आ सकेंगे। इस तरह से देश की पहली रैपिड रेल का पहला रूट पूरी तरह से चालू हो जाएगा। 82 किमी के इस रूट के पूरे होने के बाद मेरठ से सराय काले खां तक एक घंटे में यात्री पहुंच सकेंगे।
सराय काले खां एक तरह से रैपिड रेल का जंक्शन बनेगा। बाद में जब दिल्ली अलवर और दिल्ली पानीपत की लाइनें तैयार होंगी तो ये तीनों लाइनों का जंक्शन होगा। सराय काले खां की खासियत ये है कि यहीं अंतरराज्जीय बस अड्डा भी है और इससे जुड़ा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी है। इस तरह से ये दिल्ली का बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनने जा रहा है।



