20 साल बाद भारत में फिर लौटेंगे कॉमनवेल्थ गेम्स

कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत को एक बार फिर बड़ी खेल उपलब्धि मिली है। अहमदाबाद को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिली है, जिससे भारत की ओलंपिक 2036 दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।

Share This Article:

नई दिल्ली: भारत के लिए खेल जगत से बड़ी खुशखबरी आई है। 20 साल बाद एक बार फिर देश को कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2030) की मेजबानी का अवसर मिला है। बुधवार को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक में अहमदाबाद (Ahmedabad Sports Venue) को आधिकारिक होस्ट सिटी घोषित किया गया। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में इन गेम्स का सफल आयोजन किया था, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने 38 गोल्ड समेत कुल 101 पदक हासिल किए थे।

अहमदाबाद में जोर-शोर से तैयारियां शुरु

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी के साथ अहमदाबाद को एक स्पोर्ट्स हब विकसित करने की दिशा में तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। यहां खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शहर में नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium), नारणपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सरदार वल्लभ भाई पटेल स्पोर्ट्स एंक्लेव प्रमुख आयोजन स्थलों के रूप में प्रस्तावित हैं।

भारत की ओलंपिक उम्मीदें भी मजबूत

कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी किसी भी देश के लिए सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि उसकी विकास क्षमता, अंतरराष्ट्रीय छवि और भविष्य की खेल योजनाओं का प्रतिबिंब होता है। 2030 की मेजबानी मिलने के साथ भारत की ओलंपिक 2036 (Olympic Bid 2036) मेजबानी की दावेदारी और मजबूत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही ओलंपिक आयोजन की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं और पिछले वर्ष भारत ने आधिकारिक तौर पर बोली भी दायर की थी।

कॉमनवेल्थ गेम्स का सफर

कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत 1930 में कनाडा के हैमिल्टन शहर में हुई थी। उस समय इन्हें ब्रिटिश एम्पायर गेम्स के नाम से जाना जाता था। बाद में 1978 में इसका नाम बदलकर कॉमनवेल्थ गेम्स रखा गया। इन खेलों में वे देश शामिल होते हैं जो कभी ब्रिटिश शासन या राष्ट्रमंडल का हिस्सा रहे हैं। फिलहाल इनकी सूची में 54 सदस्य देश शामिल हैं। खास बात यह है कि 2030 के आयोजन के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 100 साल पूरे करेंगे।

पीएम मोदी ने जताई खुशी

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुशी जताते हुए कहा, “भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की बोली जीत ली है, यह देश के लिए गर्व का क्षण है। हमारी खेल संस्कृति और वसुधैव कुटुंबकम की भावना हमें वैश्विक खेल मंच पर और ऊंचाई तक ले जाएगी। हम दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।”

भारत की इस ऐतिहासिक सफलता से देश के खेल परिदृश्य में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि भारत के वैश्विक खेल भविष्य के लिए एक बड़ा मोड़ साबित होगा।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.