नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सोमवार को आए ऐतिहासिक चुनावी नतीजों के बाद अब प्रदेश में भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। यह दिन बंगाल के लिए सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है।
अमित शाह चुनेंगे बंगाल का ‘कैप्टन’
नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने कमर कस ली है। पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक (Observer) नियुक्त किया गया है। अमित शाह जल्द ही कोलकाता पहुंचकर नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। वहीं, असम में सरकार गठन की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को सौंपी गई है, जिन्हें वहां के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है।
रवींद्र जयंती और ’25 वैशाख’ का संयोग
9 मई की तारीख का चयन काफी सोच-समझकर किया गया है। बांग्ला कैलेंडर के अनुसार रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती ’25 वैशाख’ को मनाई जाती है। भाजपा इस प्रतीकात्मक दिन के जरिए बंगाल की संस्कृति और अस्मिता के साथ जुड़ने का बड़ा संदेश देना चाहती है।



