नई दिल्ली: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 1988 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी एसबीके सिंह 1 अगस्त, 2025 से दिल्ली पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस नियुक्ति को मंजूरी दी। वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक के रूप में कार्यरत सिंह को अगले आदेश तक यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। मंत्रालय ने इस आदेश की प्रति दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव और संबंधित अधिकारियों को भेजी है, साथ ही इसे वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है।
संजय अरोड़ा का कार्यकाल समाप्त
वर्तमान पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा, जो तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, 31 जुलाई, 2025 को रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने 1 अगस्त, 2022 को राकेश अस्थाना के स्थान पर दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला था।
एसबीके सिंह का अनुभव
एसबीके सिंह पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के अनुभव के लिए जाने जाते हैं। यह नियुक्ति प्रशासनिक फेरबदल के तहत की गई है और सिंह अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मूलत: बिहार से ताल्लुक रखते नए सीपी
नए पुलिस कमिश्नर का पूरा नाम शशि भूषण कुमार सिंह है। यह मूलत: बिहार से हैं। पोर्टल के मुताबिक, सीपी का जन्म 4 जनवरी 1966 को जन्म हुआ है। वह 1988 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीए अधिकारी हैं। 25 अगस्त 1988 को उनका चयन इंडियन पुलिस सेवा में हुआ।
करियर का सफर
एसबीके सिंह ने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से भौतिकी में स्नातक और बाद में मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया। 1986 में आईपीएस में शामिल होने के बाद, उन्होंने दिल्ली पुलिस में सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में शुरुआत की। उनके करियर में दिल्ली पुलिस के कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं, जैसे विशेष आयुक्त (कानून और व्यवस्था, खुफिया, प्रौद्योगिकी), संयुक्त आयुक्त (अपराध), और अतिरिक्त आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा)। उन्होंने उपहार सिनेमा अग्निकांड, पॉन्टी चड्ढा हत्याकांड, और कई भूमि घोटालों जैसे उच्च-प्रोफाइल मामलों की जांच की।
उत्तर-पूर्व और अन्य योगदान
सिंह ने मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के रूप में भी सेवा दी। अरुणाचल में उन्होंने ‘अरुणाचल सुरक्षा’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इसके अलावा, सात साल तक रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) में भारत और विदेश में उनकी तैनाती रही। 2015 में गणतंत्र दिवस पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा और इंडो-अफ्रीका फोरम समिट की सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व किया।

पुरस्कार और नवाचार
एसबीके सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा पदक, और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस के लिए रजत पदक मिला है। दिल्ली पुलिस में उन्होंने ‘लॉस्ट रिपोर्ट’ मोबाइल ऐप और ‘पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट’ वेब पोर्टल विकसित किए। वह संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (कोसोवो) में भी सेवा दे चुके हैं।
व्यक्तिगत जीवन और ब्लॉग
सिंह अपनी आध्यात्मिक सोच के लिए भी जाने जाते हैं और ‘Spiritual Policeman’ नामक ब्लॉग पर अपने अनुभव साझा करते हैं। उनकी पत्नी डॉ. सुशी सिंह शिक्षा और CSR क्षेत्र में काम करती हैं, और उनकी दो बेटियां अमेरिका में स्थापित हैं।



