नई दिल्ली: दो अगस्त को डाकघर बंद रहेंगे। ऐसे में अगर जरूरी काम न हो तो डाकघर न जाएं।दरअसल, सेवाएं बेहतर करने के लिए डाक विभाग एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी (एपीटी) एप्लिकेशन लॉन्च कर रहा है। इस अपग्रेडेड प्रणाली को चार अगस्त से लागू किया जाएगा। उससे पहले इसकी टेस्टिंग होगी।
इस वजह से डाकघर में सेवाएं बाधित रहेंगी। सेवाओं का यह अस्थायी निलंबन डेटा स्थानांतरण, सिस्टम सत्यापन और कॉन्फिगरेशन प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के लिए आवश्यक है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि नई प्रणाली सुचारु और कुशलतापूर्वक क्रियान्वित हो।
जरूरी सेवाएं रहेंगी जारी
हालांकि कुछ डाकघर इसलिए खोले जाएंगे ताकि जरूरी सेवाएं सुचारू रखी जा सकें। जैसे दिल्ली के 353 डाकघरों और 61 शाखाओं में कोई सार्वजनिक लेनदेन नहीं होगा। 35 डाकघर सार्वजनिक लेनदेन के लिए खुले रहेंगे। इनके नाम अलीगंज, अमर कॉलोनी, एंड्रयूजगंज, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, दरगाह शरीफ, डिफेंस कॉलोनी, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट कॉम्प्लेक्स साकेत, ईस्ट ऑफ कैलाश फेज-I, ईस्ट ऑफ कैलाश, गौतम नगर, गोल्फ लिंक, गुलमोहर पार्क, हरि नगर आश्रम, हजरत निजामुद्दीन, जंगपुरा, कस्तूरबा नगर, कृष्णा मार्केट, लोदी रोड, लाजपत नगर, मालवीय नगर, एमएमटीसी-एसटीसी कॉलोनी, नेहरू नगर, एनडी साउथ एक्सटेंशन- II, पंचशील एन्क्लेव, प्रगति विहार, प्रताप मार्केट, पुष्प विहार, सादिक नगर, सफदरजंग एयर पोर्ट, साकेत, संत नगर, सर्वोदय एन्क्लेव, साउथ मालवीय नगर, श्रीनिवासपुरी और जीवन नगर शाखा डाकघर।
एपीटी से आएंगे बड़े बदलाव
एपीटी से डाक सेवाए और तेज होंगी। सुरक्षित और ग्राहक-केंद्रित बनाने के लिए तैयार की गई है। इसमें स्मार्ट इंटरफेस, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और बेहतर डेटा हैंडलिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
डाक विभाग की अपील
डाक विभाग ने कहा, हम अपने ग्राहकों से अनुरोध करते हैं कि कृपया डाक घर आने से पहले योजना बना लें और इस संक्षिप्त व्यवधान के दौरान हमारा साथ दें। हमें हुई किसी भी असुविधा के लिए खेद है और हम आपको आश्वस्त करते हैं कि ये कदम प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर, तीव्र और अधिक डिजिटल रूप से सशक्त सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाए जा रहे हैं।



