नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी खुशखबरी दी है। स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद रेलवे ने नए साल के पहले ही दिन इसके रूट का ऐलान कर दिया है।
गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी ट्रेन
रेल मंत्रालय के मुताबिक, देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलाई जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
सुधारों का साल होगा 2026
रेल मंत्री ने कहा कि साल 2026 रेलवे सुधारों का साल होगा और आने वाले समय में देश को ऐसी कई और आधुनिक ट्रेनें मिलेंगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले गुवाहाटी–कोलकाता रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत को सरकार की ओर से एक बड़ी घोषणा माना जा रहा है।
पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनवरी में ही देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। माना जा रहा है कि उद्घाटन 17 या 18 जनवरी को हो सकता है। रेल मंत्री ने बताया कि अगले छह महीनों में आठ और साल के अंत तक कुल 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी।
हुआ था वाटर टेस्ट
हाल ही में स्वदेशी तकनीक से बनी इस ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह ट्रायल कोटा-नागदा सेक्शन पर हुआ, जहां ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। यह परीक्षण रेलवे सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में किया गया।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में क्या है खास?
- ट्रेन कुल 16 कोच की होगी
- इनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल
- कुल 823 यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे
- यह एक सेमी हाई-स्पीड ट्रेन है, जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किमी/घंटा
- लंबी यात्राओं के लिए आरामदायक और मुलायम बर्थ
- कोचों के बीच जाने के लिए ऑटोमैटिक दरवाजे और वेस्टीब्यूल
- बेहतर सस्पेंशन और कम शोर के कारण शांत और आरामदायक सफर
- कवच सुरक्षा प्रणाली और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम
- साफ-सफाई के लिए डिसइन्फेक्टेंट तकनीक
- लोको पायलट के लिए आधुनिक कंट्रोल और सेफ्टी सिस्टम से लैस ड्राइवर केबिन
- आकर्षक और एरोडायनामिक डिजाइन के साथ ऑटोमैटिक बाहरी दरवाजे



