नई दिल्ली | आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के भविष्य की दिशा अब भारत से तय होगी। नई दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाला ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ अब तक का सबसे बड़ा ग्लोबल एआई सम्मेलन बनने की ओर अग्रसर है।
इस महाकुंभ के लिए दुनिया भर से अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है, जिसमें अब तक 35,000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। भारत की मेजबानी में होने वाला यह आयोजन न केवल तकनीक पर चर्चा करेगा, बल्कि जिम्मेदारी और समावेशी एआई के विजन को जमीन पर उतारने की रणनीति भी तैयार करेगा।
भारत 16 फरवरी से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (#AIImpactSummit2026) की मेजबानी करेगा
— पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) January 30, 2026
🔸इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में नीति, अनुसंधान, उद्योग और जन भागीदारी के पहलू शामिल होंगे
🔸यह तीन बुनियादी स्तंभों या सूत्रों पर आधारित होगा- जन, पृथ्वी और प्रगति… pic.twitter.com/9nUnUzKlIh
ग्लोबल लीडर्स और टेक दिग्गजों का जमावड़ा
इस समिट की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय राजनीति और तकनीक जगत के शीर्ष चेहरे शामिल हो रहे हैं:
वैश्विक स्तर पर एआई के प्रभाव पर मंथन करने के लिए दुनिया के 100 से ज्यादा देश शिरकत करेंगे। सम्मेलन में 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष, 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मंत्री और 40 से अधिक ग्लोबल कंपनियों के सीईओ शामिल होंगे। लगभग 500 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी, शोधकर्ता और नवाचारी एआई इकोसिस्टम को नया आयाम देंगे।
500 सत्र और स्टार्टअप्स का महा-शोकेस
यह समिट एआई के इतिहास का सबसे व्यापक आयोजन होने जा रहा है।
500 से अधिक एआई स्टार्टअप्स अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। सम्मेलन के दौरान लगभग 500 अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एआई के नैतिक उपयोग और इसके आर्थिक-सामाजिक प्रभावों पर चर्चा होगी। समिट से पहले ही भारत और विदेश में 500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की है।
ब्लेचले से पेरिस और अब ‘दिल्ली’: भारत की बढ़ती धमक
ग्लोबल एआई समिट की यात्रा ब्लेचले पार्क (जोखिम) से शुरू होकर सियोल (नैतिकता) और पेरिस (सिद्धांतों का कार्यान्वयन) होते हुए अब दिल्ली पहुंची है। यह आयोजन एआई गवर्नेंस में भारत के बढ़ते नेतृत्व को दर्शाता है।
मीडिया के लिए महत्वपूर्ण जानकारी: 8 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन
समिट की रिपोर्टिंग और कवरेज के लिए मीडिया मान्यता की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इच्छुक पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि 08 फरवरी 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://impact.indiaai.gov.in/media-accreditation पर आवेदन कर सकते हैं।
समिट की कार्यवाही कवर करने के लिए केवल मान्यता प्राप्त प्रतिनिधियों को ही अनुमति दी जाएगी।



