नई दिल्ली: अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) द्वारा संचालित देश के दो प्रमुख हवाई अड्डों को दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स की सूची में शामिल किया गया है। अदाणी ग्रुप के दो हवाई अड्डों को दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स की सूची में जगह मिली है। इनमें नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) का नया टर्मिनल-2 शामिल है। प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय आर्किटेक्चर एंड डिजाइन अवॉर्ड्स ने इन्हें ‘दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स 2026’ की सूची में चुना है। इन दोनों एयरपोर्ट्स का संचालन अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) करता है।
इसके साथ ही, भारत के ये दोनों हवाई अड्डे दुनिया की उन सात प्रमुख एविएशन इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें उनकी शानदार वास्तुकला, टिकाऊ निर्माण और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए डिजाइन के लिए सम्मानित किया गया है।
पेरिस में यूनेस्को मुख्यालय में दिए जाने वाले प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय अवॉर्ड्स दुनिया की उन इमारतों और परियोजनाओं को सम्मानित करते हैं, जो बेहतरीन डिजाइन, नई सोच और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करती हैं।
क्यों खास है नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट?
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का डिजाइन कमल के फूल से प्रेरित है। इसकी आकर्षक बनावट और आधुनिक डिजाइन ने इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स में जगह दिलाई है।
यह टर्मिनल आधुनिक तकनीक और शानदार सुविधाओं से लैस है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलता है। साथ ही, यह भारत की तेजी से बढ़ती पहचान और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को भी दुनिया के सामने पेश करता है।
वहीं, गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 को इसकी खास डिजाइन के लिए सराहा गया है। इसका डिजाइन पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, प्रकृति और विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की वास्तुकला में ‘बैंबू ऑर्किड’ से प्रेरणा ली गई है, जो इस क्षेत्र की पहचान मानी जाती है। इसके निर्माण में पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन को अपनाया गया है, जिससे यह खूबसूरती के साथ-साथ टिकाऊ और सुविधाजनक भी बनता है।
इन दोनों भारतीय एयरपोर्ट्स को चीन के ग्वांगझू, जर्मनी के फ्रैंकफर्ट, कंबोडिया के कंदल स्टुएंग, और अमेरिका के पिट्सबर्ग व सैन डिएगो जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स के साथ इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया है।
अदाणी ग्रुप में क्या कहा?
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के प्रवक्ता ने कहा कि यह सम्मान कंपनी के विश्वस्तरीय एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे एयरपोर्ट विकसित कर रही है, जो शानदार डिजाइन के साथ यात्रियों की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर संचालन पर भी ध्यान देते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी को गर्व है कि उसके एयरपोर्ट्स को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। उनका लक्ष्य यात्रियों को बेहतरीन अनुभव देना और भारत को दुनिया के प्रमुख एविएशन बाजारों में मजबूत स्थान दिलाना है।
कंपनी के अनुसार, यह सम्मान उसके उस विजन को भी दर्शाता है जिसके तहत वह ऐसे एयरपोर्ट बना रही है जो अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरने के साथ-साथ भारत की डिजाइन क्षमता और बढ़ती महत्वाकांक्षाओं को भी दुनिया के सामने पेश करते हैं।
प्रिक्स वर्साय को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित आर्किटेक्चर और डिजाइन अवॉर्ड्स में गिना जाता है। वर्ष 2015 में शुरू हुए इस अवॉर्ड ने अब तक कई ऐसे एयरपोर्ट्स और टर्मिनल्स को सम्मानित किया है, जो सिर्फ यात्रा की सुविधा ही नहीं देते, बल्कि अपनी खूबसूरती, सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन के लिए भी जाने जाते हैं।



