नई दिल्ली: भारत के खिलाफ पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान एक बेहद विवादित और उकसाने वाला बयान दिया है। बासित ने कहा कि यदि भविष्य में संयुक्त राज्य अमेरिका पाकिस्तान पर हमला करता है, तो इस्लामाबाद जवाबी कार्रवाई में भारत के प्रमुख शहरों, विशेष रूप से नई दिल्ली और मुंबई को निशाना बनाएगा। उनके इस बयान ने दक्षिण एशिया में पहले से ही व्याप्त भू-राजनीतिक तनाव को और हवा दे दी है।
एक स्थानीय टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में बासित ने एक काल्पनिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “अगर अमेरिका पाकिस्तान पर हमला करता है, तो हमें भारत पर हमला करना होगा। हमारी मिसाइलें शायद अमेरिका तक न पहुंचे, लेकिन हम बिना दोबारा सोचे भारत में मुंबई और नई दिल्ली पर हमला करेंगे। हम इसे छोड़ेंगे नहीं, बाद में जो होगा देखा जाएगा।” हालांकि उन्होंने इसे ‘सबसे खराब स्थिति’ और ‘असंभव’ बताया, लेकिन सीधे तौर पर भारतीय शहरों का नाम लेने से कूटनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और क्षेत्रीय अस्थिरता
अब्दुल बासित का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध पिछले एक साल से बेहद तनावपूर्ण हैं। 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत के बाद, भारत ने मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। इस सैन्य अभियान के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था। तब से दोनों देशों के बीच अविश्वास की खाई और गहरी हो गई है।
अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट का प्रभाव
हाल ही में अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस की निदेशक तुलसी गबार्ड ने 2026 की वार्षिक खतरा मूल्यांकन रिपोर्ट पेश की है। इस रिपोर्ट में पाकिस्तान की बढ़ती मिसाइल क्षमता को अमेरिका के लिए संभावित भविष्य का खतरा बताया गया है। माना जा रहा है कि बासित की यह “गीदड़भभकी” इसी अमेरिकी रिपोर्ट और पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच अमेरिका की बढ़ती सक्रियता के जवाब में है। फिलहाल भारत सरकार ने इन बयानों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।



