नई दिल्ली: विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स (IICA) और नेशनल प्रोडक्टिविटी काउंसिल (NPC) के बीच रणनीतिक सहयोग की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस उद्देश्य से NPC के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने IICA का दौरा किया।
NPC प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानिदेशक श्रीमती नीरजा शेखर और उप महानिदेशक (ग्रुप) श्री उमाशंकर प्रसाद ने किया। बैठक में प्रशिक्षण, अनुसंधान, उत्पादकता, स्थिरता और अनुपालन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संभावित साझेदारी पर विचार-विमर्श किया गया।

IICA के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ज्ञानेश्वर कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप संस्थानों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जुड़कर कार्य करना होगा। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संस्थागत सहयोग को अत्यंत आवश्यक बताया।
श्री सिंह ने कहा कि शासन, उत्पादकता, स्थिरता और नवाचार जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने में NPC जैसे संस्थानों के साथ साझेदारी देश के लिए दूरगामी लाभ लेकर आएगी।



