नई दिल्ली: गाजा पट्टी में जारी संघर्ष के बीच हमास (Gaza Hamas War) ने साफ कर दिया है कि वह स्वतंत्र फलस्तीन की स्थापना से पहले किसी भी स्थिति में अपने हथियार नहीं छोड़ेगा। संगठन ने दो टूक कहा है कि जब तक फलस्तीन (Palestine) को संप्रभु राष्ट्र का दर्जा नहीं मिलता और यरुशलम उसकी राजधानी घोषित नहीं होती, तब तक उनका सशस्त्र आंदोलन चलता रहेगा।
युद्ध विराम के लिए ‘हथियार छोड़ो’ की शर्त पर हमास का विरोध
इजरायल और हमास (Israel Hamas Conflict) के बीच दो साल से अधिक समय से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए मिस्त्र और कतर द्वारा मध्यस्थता की जा रही है। हाल ही में दोनों देशों ने हमास से हथियार डालकर युद्धविराम की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की थी, लेकिन हमास ने इसे सिरे से नकार दिया। इजरायल ने भी स्पष्ट किया है कि स्थायी युद्ध विराम तभी संभव है जब हमास खुद को पूरी तरह निशस्त्र कर दे।
इजरायली हमलों में 44 की मौत, राहत पाने पहुंचे नागरिक बने निशाना
शनिवार को गाजा में इजरायल (Israel Gaza Ceasefire) की ओर से की गई फायरिंग और हवाई हमलों में कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई। इनमें 10 लोग दो राहत वितरण केंद्रों के बाहर मारे गए, जबकि 19 लोग खाद्य सामग्री के ट्रकों का इंतजार कर रहे थे। दोनों हमलों में दर्जनों नागरिक घायल हुए हैं।
रोजाना खाने के लिए संघर्ष, मौत का खतरा लेकर निकलते हैं लोग
गाजा में भोजन और राहत सामग्री की भारी कमी है। अमेरिकी संस्था GHF के वितरण केंद्र पर पहुंचे याह्या यूसेफ ने बताया कि सुबह से शाम तक लोग खाने के इंतजाम के लिए भटकते रहते हैं। महिलाएं छोटे बच्चों को लेकर निकलती हैं और कई बार फायरिंग का शिकार बन जाती हैं।
इजरायल के हवाई हमले थमे नहीं, बंधकों की रिहाई तक चलेगा अभियान
इजरायली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने बयान दिया है कि जब तक हमास के कब्जे से सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई नहीं होती, तब तक गाजा पर सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। शनिवार को भी हुए हवाई हमलों में कई आम नागरिकों की जान गई।
बंधकों को लेकर चिंता बढ़ी, भूखे बच्चों के साथ वीडियो वायरल
गाजा में फंसे इजरायली बंधकों के परिजनों ने तेल अवीव में प्रदर्शन किया और सरकार से युद्ध विराम के साथ-साथ बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की। हमास द्वारा जारी एक वीडियो में दो बंधक – इव्यातार डेविड और रोम ब्रास्लाव्स्की – भूखे फलस्तीनी बच्चों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे उनके हालात को लेकर चिंता और बढ़ गई है।



