नई दिल्ली : पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में हुई ऐतिहासिक वृद्धि ने जहां आम जनता की कमर तोड़ दी है, वहीं पूर्व क्रिकेट कप्तान शाहिद अफरीदी सरकार के बचाव में उतर आए हैं। वैश्विक तेल संकट और ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच पाकिस्तान सरकार द्वारा पेट्रोल की कीमतें 458 पीकेआर और डीजल 520 पीकेआर प्रति लीटर किए जाने के फैसले को अफरीदी ने सही ठहराया है।
सरकार का साथ देना सबसे जरूरी
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तानियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “अस्सलाम वालेकुम दोस्तों, मैं शाहिद अफरीदी। युद्ध की वजह से दुनिया जिस वैश्विक ऊर्जा संकट का सामना कर रही है, उसमें पाकिस्तान, अल्हम्दुलिल्लाह, कई देशों से अब भी बहुत बेहतर स्थिति में है। इस समय सरकार का समर्थन करना और उनका साथ देना सबसे महत्वपूर्ण है।” अफरीदी ने आगे कहा कि देश की प्रगति में कोई बाधा न आए, इसके लिए हमें सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का पालन करना चाहिए।
🚨 PAKISTAN GETS SHAHID AFRIDI TO MANAGE PUBLIC FALLOUT AFTER FUEL PRICE HIKE
— Brutal Truth (@sarkarstix) April 2, 2026
"Pakistan is still better off than many nations amid the global energy crisis. Now is the time to stand with the government and follow its direction for national progress."
Prices hiked by 138%🤡 pic.twitter.com/QpnnCkMkYj
पीएसएल 2026 पर भी संकट का साया
ईंधन संकट और आर्थिक तंगी का असर केवल आम आदमी की जेब पर ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट पीएसएल 2026 पर भी पड़ा है। लागत बचाने के लिए टूर्नामेंट के स्वरूप को छोटा कर दिया गया है। मैचों को कम शहरों तक सीमित रखा गया है और सुरक्षा व यात्रा खर्च कम करने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
क्या है जनता की राय?
सरकार ने इन कीमतों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की अस्थिरता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण अपरिहार्य बताया है। हालांकि, अफरीदी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में महंगाई चरम पर है और विपक्षी दल सरकार को घेर रहे हैं। अफरीदी द्वारा इसे “राष्ट्रीय बलिदान” का नाम देने की कोशिश जनता के बीच कितनी प्रभावी होगी, यह आने वाला समय बताएगा।



