नई दिल्ली: वैश्विक तकनीकी दिग्गजों में भारतीय प्रतिभाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब एपल (Apple) ने भी भारतीय मूल के सबीह खान (Sabih Khan) को अपना नया चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया है। यह घोषणा 8 जुलाई 2025 को की गई, जिसमें कहा गया कि खान जेफ विलियम्स की जगह लेंगे। कंपनी ने इसे अपनी दीर्घकालिक उत्तराधिकार योजना का हिस्सा बताया है। आइए जानते हैं कि सबीह खान कौन हैं और एपल के सीईओ टिम कुक ने उनके योगदान की कैसे सराहना की।
सबीह खान का प्रारंभिक जीवन
सबीह खान का जन्म 1966 में भारत के उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ। स्कूली शिक्षा के दौरान उनका परिवार सिंगापुर चला गया, और बाद में वे अमेरिका में स्थायी रूप से बस गए। खान ने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दोहरी स्नातक डिग्री हासिल की। इसके बाद, उन्होंने रेंस सेलर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट, न्यूयॉर्क से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की।
एपल में तीन दशकों का योगदान
सबीह खान ने अपने करियर की शुरुआत 1995 में GE Plastics में एक एप्लिकेशन डेवलपमेंट इंजीनियर और प्रमुख तकनीकी खाता प्रबंधक के रूप में की थी। इसके बाद, वे एपल की खरीदारी और आपूर्ति श्रृंखला टीम में शामिल हुए। पिछले 30 वर्षों में, खान ने एपल में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। 2019 में उन्हें सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ ऑपरेशंस नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, आपूर्तिकर्ता जिम्मेदारी पहल, और संचालन प्रक्रियाओं का नेतृत्व किया। कोविड-19 महामारी के दौरान आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर रखने और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
नई जिम्मेदारी और भूमिका
एपल के बयान के अनुसार, सबीह खान जुलाई 2025 के अंत तक COO का पद संभाल लेंगे। जेफ विलियम्स अब भी टिम कुक को रिपोर्ट करेंगे और एप्पल की डिजाइन और एप्पल वॉच टीमों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद, डिजाइन टीम सीधे टिम कुक के नेतृत्व में काम करेगी।
टिम कुक की प्रशंसा
एपल के सीईओ टिम कुक ने सबीह खान को एक असाधारण रणनीतिकार बताया। उन्होंने कहा कि खान ने उन्नत विनिर्माण तकनीकों को लागू करने और अमेरिका में उत्पादन सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कुक ने यह भी उल्लेख किया कि खान के नेतृत्व में कंपनी ने अपने कार्बन उत्सर्जन को 60% से अधिक कम किया है। कुक ने खान के मूल्य-आधारित नेतृत्व और संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे एक उत्कृष्ट COO साबित होंगे।



