इमरान ने जेल से सेना प्रमुख पर लगाया ‘तानाशाही’ का आरोप

Share This Article:

नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने हाल ही में एक लंबी सोशल मीडिया पोस्ट में देश के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अब संविधान और कानून की जगह ‘आसिमलॉ’ लागू हो गया है। इमरान का आरोप है कि सेना प्रमुख तानाशाही तरीके से सत्ता चला रहे हैं और उनके दौर में विपक्ष का दमन पहले कभी नहीं देखा गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर इमरान खान की जेल में मौत की अफवाहें भी तेजी से फैली थीं, जिन्हें उनकी पार्टी और परिवार ने खारिज किया है।

परिवार का आरोप: मुलाकात तक नहीं करने दी जा रही

इमरान खान (Imran Khan) की बहनों ने दावा किया है कि जब वे अपने भाई से मिलने जेल पहुंचीं, तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और पिछले तीन सप्ताह से उन्हें इमरान से मिलने नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि जेल प्रशासन पर दबाव है और खान को मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

महिलाओं पर अत्याचार के आरोप

इमरान खान ने अपनी पोस्ट में कई घटनाओं का जिक्र किया, जिनमें 9 मई 2023 और 26 नवंबर 2024 की घटनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की नेताओं, खासकर महिलाओं से अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेता डॉ. यासमीन राशिद, जो कैंसर से लड़ चुकी हैं, सिर्फ इसलिए जेल में हैं क्योंकि उन्होंने PTI नहीं छोड़ा। वहीं, उनकी पत्नी बुशरा बीबी को एकांत कारावास में रखा गया है। खान ने कहा- “हम गुलामी नहीं मानेंगे। इन हालातों में मौत भी स्वीकार है।”

संवाद खत्म, अब कानूनी लड़ाई पर जोर

इमरान खान ने स्पष्ट किया है कि अब PTI सरकार या सेना से किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अब आगे की राजनीतिक रणनीति तहरीक-ए-तहफ्फुज ए-आइन पाकिस्तान के नेताओं के साथ मिलकर तय होगी। उन्होंने अपने नेताओं और पार्टी सांसदों से अपील की कि वे हाई कोर्ट में जाकर सुनवाई तय होने तक अदालत न छोड़ें। खान का आरोप है कि उनके खिलाफ चल रहे मामलों की सुनवाई जानबूझकर रोकी जा रही है ताकि वे जेल में ही रहें।

आखिरी सांस तक लड़ूंगा – इमरान खान

इमरान खान ने कहा कि वह किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे और आखिरी दम तक लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे “आजादी या मौत” के सिद्धांत पर कायम रहें। खान ने चेतावनी दी कि यदि उनके या उनकी पत्नी के साथ कुछ भी होता है, तो इसकी जिम्मेदारी पाकिस्तान की सेना और जनरल आसिम मुनीर पर होगी।

कई मामलों में सजा काट रहे हैं इमरान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन पर राज साझा करने, हिंसा भड़काने और तोशाखाना मामले सहित कई आरोप हैं। जनवरी 2025 में उन्हें 14 साल की सजा सुनाई गई थी, जबकि इसी मामले में उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 7 साल की सजा मिली है।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.