“विवेक व अनुसंधान से विजय” के थीम के साथ अनूठा प्रयास सामने आया है। जहां सशस्त्र बल और शैक्षणिक संस्थान नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक साथ आने वाले हैं। 22 से 23 सितंबर 2025 तक मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली में एक त्रि-सेवा अकादमिक प्रौद्योगिकी कार्यशाला (टी-सैट्स) आयोजित की जायेगी, जहां 22 सितंबर को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
“विवेक व अनुसंधान से विजय” है थीम
इस कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय रक्षा के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए सेवा-अकादमिक अनुसंधान एवं विकास इको सिस्टम में तालमेल बनाना है। इस प्रथम कार्यशाला का विषय है “विवेक व अनुसंधान से विजय” – बुद्धि और नवाचार के माध्यम से विजय।
इसको भी पढ़ें: Bagram Airbase पर बढ़ा तनाव, ट्रंप के बयान से भड़के चीन-तालिबान
कई विशेषज्ञ करेंगे शिरकत
इस कार्यक्रम में 200 से ज़्यादा शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों और 50 अनुसंधान एवं विकास संस्थानों के निदेशक और विभागाध्यक्ष, आईआईटी और टियर II व III तकनीकी संस्थानों के छात्र और तीनों सेनाओं के तकनीकी क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञ एक साथ होंगे। यह सेनाओं की परिचालन आवश्यकताओं के लिए प्रासंगिक अत्याधुनिक अनुसंधान और तकनीकी समाधानों की पहचान, चर्चा और प्रचार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा।



