खरगोन। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘कुंभ गर्ल’ मोनालिसा और उनके पति फरमान खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के दावों के अनुसार, पिछले महीने फरमान खान से शादी करने वाली मोनालिसा असल में नाबालिग हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद, मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर पुलिस स्टेशन में फरमान के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नाबालिग है मोनालिसा
एनसीएसटी द्वारा की गई गहन जांच में यह बात सामने आई है कि मोनालिसा पारधी आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। जांच टीम ने मध्य प्रदेश के महेश्वर स्थित सरकारी मेडिकल अस्पताल के रिकॉर्ड्स खंगाले, जिससे पता चला कि मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर, 2009 को हुआ था। इस हिसाब से 11 मार्च, 2026 को हुई उनकी शादी के समय उनकी उम्र केवल 16 वर्ष थी।
शादी का पंजीकरण
इससे पहले केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर स्थित अरुमन्नूर मंदिर में दोनों की शादी हुई थी। मंदिर प्रशासन और स्थानीय पंचायत कार्यालय में शादी का पंजीकरण उनके पहचान पत्रों के आधार पर किया गया था, जिसमें उन्हें बालिग बताया गया था। हालांकि, आयोग की जांच ने इन दस्तावेजों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फरमान खान के खिलाफ पोक्सो एक्ट
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए फरमान खान के खिलाफ पोक्सो एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मोनालिसा के आदिवासी होने के कारण इन सख्त धाराओं को जोड़ा गया है।
बता दें कि इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने दावा किया था कि उन्होंने और फरमान ने अपनी मर्जी से शादी की है क्योंकि उनका परिवार उन पर किसी और से शादी करने का दबाव बना रहा था। उस वक्त दोनों ने ही मोनालिसा के नाबालिग होने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया था। फिलहाल इस कानूनी कार्रवाई पर फरमान या मोनालिसा की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया नहीं आई है।



