देहरादून: विश्व विख्यात भारतीय संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी विरासत पर जल्द ही एक फिल्म बड़े पर्दे पर नजर आएगी। सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म ‘श्री बाबा नीब करौरी महाराज’ का प्रोमो और पोस्टर आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरणा और शांति प्रदान कर रहा है।
पोस्टर लॉन्च पर दिग्गजों की मौजूदगी
देहरादून में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में योग गुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर और फिल्म के प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि से पूरी दुनिया को मानवता का संदेश देने वाले बाबा की कहानी को जन-जन तक पहुंचाना एक सराहनीय प्रयास है।
फिल्म की स्टार कास्ट और निर्देशन
इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में कई जाने-माने चेहरे नजर आएंगे:
सुबोध भावे, हितेन तेजवानी और मोहित गुप्ता फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर ने किया है।
अभिनेता हितेन तेजवानी ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा, “महाराज जी के आशीर्वाद और आप सभी के प्यार से हमारी फिल्म का पोस्टर लॉन्च हो गया है। उम्मीद है कि आप इस फिल्म को ढेर सारा प्यार देंगे। यह हमारी पूरी टीम के लिए एक भावुक और गर्व का क्षण है।”

आस्था का केंद्र है कैंची धाम
नीम करोली बाबा का आश्रम ‘कैंची धाम’, नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित है। यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स से लेकर फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग और क्रिकेटर विराट कोहली तक बाबा के दर पर मत्था टेक चुके हैं। अब उनकी इसी आध्यात्मिक यात्रा को सिनेमा के माध्यम से दिखाने की तैयारी है।



