नई दिल्ली: बॉलीवुड में हर साल ढेरों फिल्में बनती हैं, जिनमें से कुछ रिकॉर्ड तोड़ कमाई करती हैं, तो कुछ चुपके से सिनेमाघरों से गायब हो जाती हैं। आज हम बात करेंगे भारत की अब तक की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म की, जिसने अपने मेकर्स को भारी नुकसान पहुंचाया।
द लेडी किलर: एक भूलने योग्य फिल्म
2023 में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर द लेडी किलर, जिसका निर्देशन अजय बहल ने किया, भारत की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म बन गई। इस फिल्म में अर्जुन कपूर और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिकाओं में थे, और इसे टी-सीरीज ने प्रोड्यूस किया था।
45 करोड़ का बजट, 60 हजार की कमाई
द लेडी किलर 45 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई थी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 293 टिकट बेचीं और केवल 38,000 रुपये की ओपनिंग की। कुल मिलाकर, इसने बॉक्स ऑफिस पर महज 60,000 रुपये (लगभग 500 टिकट) की कमाई की, जो इसके बजट का एक प्रतिशत भी नहीं था।
बॉक्स ऑफिस पर लगाया बट्टा
इस भयानक प्रदर्शन के साथ द लेडी किलर ने भारत की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म का अनचाहा खिताब हासिल कर लिया। मेकर्स को उम्मीद थी कि सिनेमाघरों में नाकामी के बाद फिल्म OTT प्लेटफॉर्म्स पर अपनी जगह बनाएगी।
OTT प्लेटफॉर्म्स ने भी ठुकराया
दुर्भाग्यवश, नेटफ्लिक्स ने फिल्म के लिए अपनी डील रद्द कर दी, और इसके बाद कोई भी OTT प्लेटफॉर्म इस फिल्म को खरीदने को तैयार नहीं हुआ। मजबूरन मेकर्स को द लेडी किलर को यूट्यूब पर मुफ्त में रिलीज करना पड़ा। लेडी किलर न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी असफल रही, और यह बॉलीवुड के इतिहास में एक ऐसी फिल्म बन गई जिसने मेकर्स के सपनों को चकनाचूर कर दिया।



