नई दिल्ली: मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेस ने मिस यूनिवर्स 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फातिमा 25 साल की हैं। भारत की ओर से मणिका विश्वकर्मा ने शिरकत की थी। मणिका टॉप 30 में तो पहुंची लेकिन टॉप-12 में जगह बनाने में नाकामयाब रहीं। टॉप 5 में वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली, थाइलैंड की प्रवीनर सिंह, फिलीपींस की आतिसा मनालो, कोट दी’वोआर की ओलिविया यासे और मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेस ने जगह बनाई थी।
दूसरे नंबर पर थाईलैंड
थाईलैंड की प्रवनीर सिंह मिस यूनिवर्स 2025 में दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि वेनेजुएला की स्टेफनी अब्साली तीसरे स्थान पर रहीं। फिलीपींस की अतीसा मनालो चौथे स्थान पर रहीं और कोटे डी आइवर की ओलिविया यासे पांचवें स्थान पर रहीं। फाइनल राउंड में फातिमा बोश से पूछा गया था कि आपके नजरिये से साल 2025 में एक महिला होने की क्या चुनौतियां हैं और दुनिया भर की महिलाओं के लिए एक सेफ जगह बनाने के लिए आप मिस यूनिवर्स के खिताब का उपयोग कैसे करेंगी।
इतिहास बनाती हैं औरतें
फातिमा बोश ने अपने जवाब में कहा कि एक महिला और मिस यूनिवर्स के तौर पर, मैं अपनी आवाज और अपनी ताकत का इस्तेमाल दूसरों की सेवा करने के लिए करूंगी , क्योंकि आज के समय में, हम यहां बोलने, बदलाव लाने और चीजों को साफ देखने के लिए हैं। हम औरतें हैं और ये बहादुर औरतें ही हैं जो आगे बढ़कर खड़ी होती हैं और इतिहास बनाती हैं।
ये भी पढ़ें-दिल्ली में शुरू हुआ दो दिवसीय क्षेत्रीय डिजिटल हेल्थ सम्मेलन
भारत 3 बार का विजेता
भारत की तरफ से 22 वर्षीय मणिका विश्वकर्मा ने शिरकत की थी। मणिका का जन्म राजस्थान के श्री गंगानगर में हुआ है। वो दिल्ली के माता सुंदरी कॉलेज से राजनीति विज्ञान एवं इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही हैं। भारत अब तक 3 बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है। सबसे पहले 1994 में सुष्मिता सेन ने जीता था, इसके बाद 2000 में लारा दत्ता और 2021 में हरनाज संधू इस टाइटल को जीतने में कामयाब रहीं।



