नई दिल्ली: भारत में दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) की फिल्म ‘सरदार जी 3’ (Sardar Ji 3) की रिलीज पर रोक लग गई है। इसका कारण है फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर (Hania Amir) की मौजूदगी। रविवार देर रात दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर इस फिल्म का ट्रेलर साझा किया, जिसमें वे हानिया के साथ रोमांस करते नजर आए। ट्रेलर में पाकिस्तानी कलाकार नासिर चिन्योति (Nasir Chinyoti), डेनियल खावर (Daniel Khawar) और सलीम अलबेला (Salim Albela) भी दिखे।
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध के बावजूद हानिया का पंजाबी फिल्म में होना विवाद का कारण बन गया। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाक तनाव बढ़ा था, जिसके चलते पाकिस्तानी कलाकारों पर भारत में काम करने की पाबंदी लगाई गई थी। इस वजह से ‘सरदार जी 3’ को लेकर विवाद शुरू हो गया।
दिलजीत और फिल्म निर्माताओं के खिलाफ भारत में प्रतिबंध का निर्देश जल्द होगा जारी
फिल्म के सह-निर्माता गनबीर सिंह सिद्धू ने स्पष्ट किया कि फिल्म की शूटिंग तनाव से पहले हो चुकी थी, लेकिन वर्तमान स्थिति और भारतीय भावनाओं का सम्मान करते हुए इसे भारत में रिलीज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे सही समय का इंतजार करेंगे। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बी. एन. तिवारी ने कहा कि दिलजीत और फिल्म के निर्माताओं को भारत में प्रतिबंधित करने के लिए आधिकारिक निर्देश जारी किए जाएंगे। उनकी कोई भी फिल्म या प्रोजेक्ट भारत में रिलीज नहीं होगा।
इस तारीख को सिर्फ विदेशों में रिलीज होगी सरदार जी 3
जल्द ही इस पर आधिकारिक बयान आएगा। अब यह फिल्म 27 जून को केवल विदेशों में रिलीज होगी। इसमें रोमांस, एक्शन और कॉमेडी का मिश्रण है। दिलजीत फिल्म में नीरू बाजवा और हानिया आमिर के साथ दिखेंगे। भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे प्रतिबंध के तहत उनके इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक किए गए हैं। साथ ही, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के लिए एडवाइजरी जारी कर पाकिस्तानी कंटेंट को तुरंत हटाने के निर्देश दिए थे।

