नई दिल्ली: दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) अपनी नई फिल्म ‘सरदार जी 3’ (Sardar Ji 3) में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर (Hania Aamir) के साथ काम करने के कारण विवादों में फंस गए हैं। इस विवाद ने उनकी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ (Border 2) को भी प्रभावित किया, जहां से उन्हें हटाने की अफवाहें सामने आईं। दिलजीत ने सेट से तस्वीरें साझा कर इन अफवाहों को खारिज किया। फिर भी, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने (FWIC) ने ‘बॉर्डर 2’ के निर्माताओं को पत्र लिखकर दिलजीत को फिल्म से बाहर करने की मांग की।
पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ दिलजीत दोसांझ को काम करना पड़ा महंगा
भारत-पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम हमले के बाद तनावपूर्ण रिश्तों ने इस विवाद को और बढ़ावा दिया। ‘सरदार जी 3’ के ट्रेलर में हानिया आमिर की मौजूदगी ने दर्शकों में गुस्सा पैदा किया। निर्माताओं ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के समय पाकिस्तानी कलाकारों पर कोई रोक नहीं थी, लेकिन फिर भी इसे भारत में रिलीज नहीं किया गया। दिलजीत को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया और उन्हें देशद्रोही जैसे शब्दों से नवाजा गया।
बॉर्डर 2 से दिलजीत को निकलने की मांग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, FWIC के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि उन्होंने ‘बॉर्डर 2’ के निर्माता भूषण कुमार से दो बार मुलाकात की और दिलजीत को हटाने का अनुरोध किया। भूषण ने कहा कि दिलजीत का हिस्सा लगभग शूट हो चुका है, सिर्फ एक गाने की शूटिंग बाकी है, इसलिए उन्हें निकालना संभव नहीं है। हालांकि, उन्होंने वादा किया कि भविष्य में वह दिलजीत जैसे किसी विवादित अभिनेता के साथ काम नहीं करेंगे और इसकी पुष्टि FWIC को पत्र के माध्यम से की।
FWIC के अध्यक्ष ने कही ये बात
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने भी कहा कि दिलजीत पर प्रतिबंध केवल ‘बॉर्डर 2’ के लिए हटाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में दिलजीत के साथ काम करने वालों को भारी नुकसान हो सकता है। इस बीच, ‘सरदार जी 3’ पाकिस्तान और विदेशों में रिलीज हो चुकी है और अब तक 18 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
दिलजीत के भविष्य की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ के बाद वह इम्तियाज अली की अगली फिल्म और बोनी कपूर की ‘नो एंट्री 2’ में वरुण धवन और अर्जुन कपूर के साथ नजर आ सकते हैं।



