नई दिल्ली | टेलीविजन एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि क्या वह टीवी इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला कर चुकी हैं। गुरुवार को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अभिनेता शहज़ादा धामी के दावे पर प्रतिक्रिया देती नजर आईं। शहजादा का कहना है कि शो के मेकर्स ने अभी तक उन्हें 30 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया है।
टीवी इंडस्ट्री पर निकाली नाराजगी
शहजादा के समर्थन में बोलते हुए शिल्पा ने टीवी इंडस्ट्री और कुछ प्रोड्यूसर्स की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह अब टीवी प्रोड्यूसर्स के साथ काम नहीं करना चाहतीं। साथ ही, उन्होंने डेली सोप्स के कंटेंट को निराशाजनक और बेकार बताया।
शिल्पा ने कहा, “आज मेरे सह-कलाकारों के पास इस मुद्दे पर बोलने का मौका था, लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा। मेरी अंतरात्मा जानती है कि मेरे साथ क्या हुआ। मैं अब इन लोगों के साथ काम नहीं करना चाहती और न ही उनसे कोई रोल चाहती हूं। आजकल इंडस्ट्री में क्रिएटिविटी की कमी है और कई शो सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं। ऐसे माहौल में काम करने से बेहतर मैं सड़क पर सब्जी बेचना पसंद करूंगी।”
फैंस के बीच बढ़ी चर्चा
शिल्पा के इस बयान के बाद फैंस के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों का मानना है कि वह जल्द ही भाभी जी घर पर हैं! से दूरी बना सकती हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में शिल्पा को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने एक पॉडकास्ट में स्वीकार किया कि करीब 9 साल पहले उन्होंने शो के एक प्रोड्यूसर पर लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा बताया था। इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया यूजर्स और कई सेलिब्रिटीज की आलोचना का सामना करना पड़ा।



