नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन के खास मौके पर उनके फैंस को सबसे बड़ा तोहफा मिल गया है। निर्देशक एटली के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म के नाम और फर्स्ट लुक का आधिकारिक खुलासा कर दिया गया है। फिल्म का टाइटल ‘राका’ रखा गया है, जिसमें अल्लू अर्जुन के साथ बॉलीवुड क्वीन दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने धमाका कर दिया। अल्लू अर्जुन ने खुद इस पोस्ट को साझा करते हुए लिखा, “इंतजार खत्म हुआ। #RAAKA के लिए तैयार हो जाइए!” इस घोषणा ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है, क्योंकि फैंस लंबे समय से इस कोलेबोरेशन का इंतजार कर रहे थे।
रहस्यमयी है ‘राका’ का फर्स्ट लुक
फिल्म का फर्स्ट लुक बेहद दिलचस्प और रहस्यमयी है। हालांकि पोस्टर में अल्लू अर्जुन के किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन विजुअल्स को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह एक फैंटेसी ड्रामा हो सकता है।
पोस्टर को देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म में अल्लू अर्जुन का किरदार आधा मानव और आधा जीव या कोई इच्छाधारी जीव हो सकता है। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय स्तर के वीएफएक्स और एटली के विजन ने इसे साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बना दिया है।
The wait is over.
— Allu Arjun (@alluarjun) April 8, 2026
Gear up for #RAAKA ! pic.twitter.com/yzuovTCEpe
पैन-इंडिया धमाका और स्टार कास्ट
‘पुष्पा’ फ्रैंचाइजी की तरह ‘राका’ को भी बड़े पैमाने पर एक पैन-इंडिया फिल्म के रूप में रिलीज़ किया जाएगा। यह फिल्म मूल रूप से तेलुगु में बन रही है, लेकिन इसे हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी डब कर रिलीज किया जाएगा।
स्टार कास्ट की बात करें तो अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी पहली बार पर्दे पर एक साथ नज़र आएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में मृणाल ठाकुर, जान्हवी कपूर और रश्मिका मंदाना भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हो सकती हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिलीज डेट और निर्माण
‘राका’ का ऐलान पिछले साल एक शानदार वीडियो के साथ किया गया था, जिसमें हाई-लेवल ग्राफिक्स और एक्शन की झलक मिली थी। हालांकि मेकर्स ने अभी तक रिलीज की तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन खबरों की मानें तो यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। एटली, जो पहले ही ‘जवान’ जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर दे चुके हैं, अब अल्लू अर्जुन के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचने की तैयारी में हैं।



