उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को EC का नोटिस, विपक्ष पर साधा निशाना

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को EC ने नोटिस भेजा है। यह मामला तेजस्वी यादव के डबल वोटर आईडी विवाद के बाद सामने आया, जिससे बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

Share This Article:

पटना: बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा को दो अलग-अलग जगहों की वोटर लिस्ट में नाम होने के मामले में चुनाव आयोग (EC) ने नोटिस भेजा है, एक नाम लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में है, जहां से वे विधायक हैं, और दूसरा नाम बेगूसराय जिले के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में है, इस नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय सिन्हा ने विपक्ष, खासकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है।

चुनाव आयोग का सम्मान करता हूं, समय पर दूंगा जवाब: विजय सिन्हा

पटना में मीडिया से बात करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि वे चुनाव आयोग का पूरा सम्मान करते हैं, क्योंकि यह एक संवैधानिक संस्था है। उन्होंने कहा कि आयोग ने उन्हें जो नोटिस भेजा है, वे उसका जवाब समय पर देंगे। सिन्हा ने स्पष्ट किया कि उनका पक्ष साफ है और उन्हें जवाब देने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन लोगों को सोचना चाहिए, जिनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा, “हम राहुल-तेजस्वी नहीं जो संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करें”। विजय सिन्हा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की तरह नहीं हैं, जो संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ अनाप-शनाप बोलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष खुद “वोट डकैती” करना चाहता था, लेकिन जब चुनाव आयोग ने इसे रोका तो वे लोग अब वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि ये लोग सिर्फ अपने परिवार को आगे बढ़ाना चाहते हैं और जब ऐसा नहीं हो पा रहा है तो गुस्से में हैं।

फर्जी मतदाताओं के नाम कटने से विपक्ष आक्रोशित

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी परिवारवाद को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार में फर्जी मतदाताओं के नाम काटे जाने से विपक्ष इतना आक्रोशित क्यों है? उन्होंने कहा कि जनता यह सब देख रही है और समझ रही है कि विपक्ष अपनी “वोट डकैती” की कोशिश नाकाम होने के बाद बहाने बनाकर सड़क पर उतर रहा है। सिन्हा ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता विपक्ष को पूरी तरह से नकार देगी। चुनाव आयोग ने विजय सिन्हा से मंगलवार तक इस मामले पर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है।

  • आरोप: विजय सिन्हा का नाम लखीसराय और बछवाड़ा, दोनों विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट में है।
  • नोटिस का कारण: चुनाव आयोग ने जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 17 का उल्लंघन मानते हुए उन्हें नोटिस भेजा है, जो एक व्यक्ति को एक से अधिक जगह पर मतदाता होने से रोकता है।
  • राजनीतिक विवाद: यह मामला तेजस्वी यादव के डबल वोटर आईडी विवाद के बाद सामने आया, जिससे बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
  • विजय सिन्हा का जवाब: उन्होंने खुद को तेजस्वी और राहुल गांधी से अलग बताते हुए कहा कि वे आयोग का सम्मान करते हैं और समय पर जवाब देंगे। उन्होंने विपक्ष पर “वोट डकैती” करने की कोशिश का आरोप भी लगाया।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.