नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर क्षेत्र और हर घर तक साफ पीने का पानी पहुंचे। वाटर एटीएम इस दिशा में एक अहम कदम हैं, जो लोगों को सस्ता, आसान और अच्छी गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराएंगे।
वाटर एटीएम हर घंटे करीब 2,000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है

मुख्यमंत्री ने एयू ब्लॉक (एकता कैंप, पीतमपुरा), सोम बाजार रोड (आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने, हैदरपुर), एए सेवा बस्ती (फोर्टिस अस्पताल के पास) और सीए ब्लॉक सेवा बस्ती (शालीमार बाग) में लगाए गए वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को वॉटर एटीएम कार्ड भी वितरित किए ताकि वे आसानी से साफ पीने का पानी ले सकें। इन सभी वॉटर एटीएम में आधुनिक 5-स्टेज आरओ सिस्टम लगाया गया है, जो हर घंटे करीब 2,000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है। यह पहल खासतौर पर घनी आबादी वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को साफ और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पाइप लाइनों को बदलने के लिए लगभग 9,000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और संपूर्ण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 9,000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने सोम बाजार रोड, हैदरपुर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया, जिसमें सड़क और संबंधित आधारभूत संरचना के विकास कार्य शामिल हैं।
इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों विशेषकर डूसिब और अन्य एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्रता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही, कार्यों के दौरान साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
मुनक नहर और छठ घाट का निरीक्षण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के सीए ब्लॉक क्षेत्र में मुनक नहर की सफाई कार्य एवं निर्माणाधीन छठ घाट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नहर की सफाई और छठ घाट के निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का समय पर और व्यवस्थित निर्माण सरकार की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार चौबीसों घंटे और सातों दिन धरातल पर सक्रिय रहकर स्वच्छ, हरित और सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त एक सशक्त और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



