पटना: पटना के बहुचर्चित सत्यनारायण सिन्हा हत्याकांड में राजद विधायक रीतलाल यादव को बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को पटना स्थित एमपी/एमएलए कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। यह मामला भाजपा नेता और दानापुर की पूर्व विधायक आशा सिन्हा उर्फ आशा देवी के पति सत्यनारायण सिन्हा की हत्या से जुड़ा है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रीतलाल यादव को जमानत प्रदान की। जमानत की खबर मिलते ही दानापुर क्षेत्र में रीतलाल यादव के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने पटाखे फोड़कर व मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
20 साल पुराना मामला, 2003 में हुई थी हत्या
यह मामला 30 अप्रैल 2003 का है, जब पटना के गांधी मैदान में “तेल पिलावन, लाठी घुमावन रैली” का आयोजन हुआ था। उसी दिन खगौल के जमालुद्दीन चक के पास भाजपा नेता सत्यनारायण सिन्हा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में रीतलाल यादव समेत कई अन्य लोगों पर हत्या की साजिश रचने और अपराधियों को शरण देने का आरोप लगाया गया था। लंबे समय से यह मामला अदालत में विचाराधीन था।
पहले भी विवादों में रहे हैं रीतलाल यादव
दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। बावजूद इसके, वे अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखने वाले नेता माने जाते हैं। सत्यनारायण सिन्हा हत्याकांड में मिली यह जमानत उनके लिए एक बड़ी कानूनी राहत मानी जा रही है।



