तिरुवनंतपुरम। केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बीच मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। कल्लाडी इलाके में हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव एजेंसियां मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
लैंडस्लाइड का खौफनाक वीडियो आया सामने
वायनाड से सामने आए लैंडस्लाइड के वीडियो ने हादसे की भयावहता दिखा दी है। वीडियो में अचानक जमीन धंसती नजर आ रही है और देखते ही देखते भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे की ओर बहने लगता है। इस दौरान एक टैंकर भी कई फीट तक खिसकता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि टैंकर करीब 100 फीट पीछे चला गया, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।
चर्च और घर भी आए चपेट में
जानकारी के मुताबिक, यह घटना अनाक्कमपॉयल-कल्लाडी टनल रोड प्रोजेक्ट साइट के पास हुई। लैंडस्लाइड की चपेट में प्रोजेक्ट साइट के कुछ हिस्से आ गए। इसके अलावा एक चर्च और पास का एक घर भी मलबे में बह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय चर्च और घर में कोई मौजूद नहीं था।
बताया जा रहा है कि जिस घर को नुकसान पहुंचा, वहां रहने वाले लोग हज यात्रा के लिए मक्का गए हुए हैं। इसी वजह से हादसे के समय घर खाली था। वहीं चर्च में भी कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
सीएम ने ठेकेदारों की लापरवाही को बताया वजह
हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना मौसम विभाग की चेतावनी की कमी के कारण नहीं, बल्कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण हुई।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला प्रशासन की ओर से ठेकेदारों को इलाके में जमा कीचड़ और मलबा हटाने के निर्देश पहले ही दिए गए थे, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रभावित इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और राहत कार्य लगातार जारी है।



