नई दिल्ली। चंडीगढ़ के सेक्टर 37 स्थित पंजाब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रदेश मुख्यालय के बाहर बुधवार शाम एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि इसके छर्रे काफी दूर तक बिखरे हुए पाए गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मची अफरा तफरी
जानकारी के मुताबिक, यह धमाका शाम करीब 6:00 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही दफ्तर के भीतर और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है।
CRPF की तैनाती, जांच जारी
सूत्रों के अनुसार, पंजाब बीजेपी मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मौके पर भारी संख्या में सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाका बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन मौके से छर्रे बरामद होना चिंता का विषय है। फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या कोई तकनीकी कारण।
मौके पर भारी पुलिस बल
घटनास्थल की तस्वीरों में बीजेपी दफ्तर के बाहर पुलिस की घेराबंदी और खड़ी गाड़ियां साफ देखी जा सकती हैं। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।



