नई दिल्ली। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को कहा कि किसी भी झुग्गी निवासी को विस्थापित नहीं किया जाएगा। उन्हें इन-सीटू डेवलपमेंट, री-डेवलपमेंट अथवा रिहैबिलिटेशन प्लान के तहत सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाएगा। सूद ने यह बात भलस्वा स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स के निरीक्षण के दौरान कही। निरीक्षण के के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गी झोपड़ी एवं स्लम बस्तियों में रहने वाले निवासियों को सम्मानपूर्वक और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का समय पर आबंटन न होने के कारण जर्जर हालत में हैं

मंत्री बताया की यहां पर ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स बनाये गए है जिनका समय पर आबंटन न होने के कारण अब यह जर्जर हालत में है और इसके पुननिर्माण और मरम्मत आदि के कार्य करवाने के लिए आज यह विजिट रखी गयी है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता निरंतर इस विषय को लेकर संवेदनशील और चिंतित रही हैं कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों एवं उनके बच्चों को बेहतर और सम्मानजनक जीवन कैसे उपलब्ध कराया जाए।
सरकार पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से आवंटित करने पर कर रही विचार

उन्होंने कहा कि इन फ्लैट्स का निर्माण करदाताओं के पैसे से हुआ है, इसलिए सरकार इनका समुचित विकास कर पात्र एवं योग्य लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से आवंटित करने पर विचार कर रही है। फिलहाल यह पूरी प्रक्रिया प्रारंभिक चरण में है और पुराने फ्लैट्स की तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। शहरी विकास मंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन का अवसर प्रदान करना भी है।
इसको भी पढ़ें: मंत्री आशीष सूद ने चाणक्य प्लेस में सड़क निर्माण की रखी आधारशिला
पिछली सरकार के शासन में बने फ्लैट जर्जर अवस्था में हो गए हैं कि अब यह रहने लायक नहीं

सूद ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के शासनकाल में बने यह फ्लैट इतनी जर्जर अवस्था में हो गए हैं कि अब यह रहने लायक नहीं बचे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने झुग्गियों में रहने वालों के पुनर्वास की न तो कोई योजना बनाई और ना ही समय पर इनका आवंटन किया। जिस कारण से यह फ्लैट इस हालत में पहुंच गए हैं की इनके पुनर्निर्माण में बहुत पैसा लगेगा।



