नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने आगामी बजट सत्र की तैयारियों, विधायी एजेंडे और दिल्ली के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। यह भेंट विधायिकी और कार्यपालिका के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है जहां विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।
बजट सत्र की तैयारियों पर संवाद किया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आगामी बजट सत्र की तैयारियों तथा दिल्ली के विकास से जुड़े विभिन्न विधायी विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। हमारी सरकार दिल्ली की प्रगति और जन-आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट प्रस्तुत करने के लिए पूर्णतः समर्पित है।
23 मार्च को आर्थिक सर्वेक्षण
मालूम हो कि दिल्ली विधानसभा का आगामी बजट सत्र 23 से 25 मार्च तक बुलाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में विस का बजट सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट के फैसले के अनुसार, सत्र के पहले दिन 23 मार्च को सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। यह रिपोर्ट पिछले एक वर्ष के दौरान राजधानी की आर्थिक स्थिति, राजस्व प्राप्ति, व्यव, विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और प्रमुख योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री 24 मार्च को पेश करेंगी बजट
24 मार्च को दिल्ली सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना वार्षिक बजट प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास वित्त विभाग होने के कारण वे स्वयं बजट पेश करेंगी। इस बजट में बनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, स्वच्छता और शहरी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने की संभावना है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण संबंधी नई घोषणाओं की भी उम्मीद जमाई जा रही है।
बजट के तीसरे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक अपने विचार रखेंगे।
सत्र के तीसरे दिन 25 मार्च को बजट पर चर्चा होगी। जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक अपने विचार रखेंगे। चर्चा के पश्चात सरकार अपनी प्रतिक्रिया देगी और आवश्यक प्रक्रियाओं के साथ बजट को पारित कराया जाएगा। वहीं चर्चा के बाद सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करके पूरी करके बजट पास किया जाएगा। बजट सत्र का लेकर राजनीतिक हलकों में भी काफी सक्रियता देखा जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी बजट के माध्यम से रेखा गुप्ता सरकार राजधानी के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई नई योजाओं और पहलों की घोषणा कर सकती है।



