नई दिल्ली। बीजेपी ने मंगलवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी कर दिया है। पार्टी ने राज्य में ‘लव जिहाद’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और घुसपैठियों द्वारा कब्जाई गई जमीन को वापस लेने जैसे बड़े वादे किए हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर जोर
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कुल 31 प्राथमिकताओं का जिक्र किया है। पार्टी ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर अगले 5 वर्षों में युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। महिलाओं के लिए ‘अरुनोदोई योजना’ के तहत मिलने वाली मासिक राशि को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा, ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 40 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की योजना है।
घुसपैठ और जमीन के मुद्दे पर सख्त रुख
संकल्प पत्र में साफ कहा गया है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा कब्जाई गई जमीनों को वापस लेकर मूल निवासियों को सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दोहराया कि राज्य की पहचान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी ने ‘लव जिहाद’ जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधान करने की बात कही है।
#BJPSankalp4VikasitAssam https://t.co/k5ZXo9a4Us
— BJP Assam Pradesh (@BJP4Assam) March 31, 2026
असम में लगेगी जीत की हैट्रिक
पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए जोरहाट पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भरोसा जताया कि भाजपा असम में जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के कामकाज की बदौलत असम में सकारात्मक लहर है और भाजपा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़कर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।



