BSEB अध्यक्ष पद से आनंद किशोर की छुट्टी, पटना डीएम त्यागराजन को मिली कमान

बिहार सरकार ने गुरुवार देर शाम बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया।

Share This Article:

पटना। बिहार सरकार ने गुरुवार देर शाम बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पटना समेत 11 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है। वहीं, गृह विभाग ने 29 आईपीएस अधिकारियों और एसडीपीओ के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है।

आनंद किशोर की छुट्टी

इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा मुख्य सचिव आनंद किशोर को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष पद से हटाए जाने की रही। वर्ष 2016 से इस पद पर कार्यरत आनंद किशोर को अब केवल पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। करीब एक दशक बाद उन्हें परीक्षा समिति की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

त्यागराजन बने नए अध्यक्ष

पटना के जिलाधिकारी रहे त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं कुंदन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। रॉबर्ट एल. चोंग्थू का तबादला संसदीय कार्य विभाग में किया गया है, जबकि मोहम्मद सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के डीएम सुव्रत कुमार सेन को बिहार मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

नीतीश के करीबी थे आनंद किशोर

आनंद किशोर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी अधिकारी माना जाता रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट में टेंडर घोटाला मामले की जांच के दौरान आरोपी मुमुक्षु चौधरी के हवाले से यह दावा किया गया था कि 25 लाख रुपये देकर उन्हें नगर आयुक्त बनवाया गया था। हालांकि, इस मामले में जांच प्रक्रिया जारी है।

पटना पुलिस प्रशासन में भी बड़ा बदलाव

दूसरी ओर पटना पुलिस प्रशासन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। राजधानी के तीनों सिटी एसपी का तबादला कर दिया गया है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) की कमांडेंट ममता कल्याणी को पटना सेंट्रल का सिटी एसपी बनाया गया है। 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी शैलजा को पटना ईस्ट का सिटी एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि मुंगेर के तारापुर अनुमंडल के एसडीपीओ और 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी संकेत कुमार को पटना वेस्ट का सिटी एसपी बनाया गया है।

गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत 12 जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP), दो जिलों के ग्रामीण एसपी तथा एक एसएसपी का भी तबादला किया गया है। खगड़िया, कैमूर, शेखपुरा, औरंगाबाद, बगहा, जहानाबाद और पूर्णिया के एसपी को अन्य जिलों में एसपी की जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

Pooja Thakur

pt37557@gmail.com

मीडिया की दुनिया में पिछले 3 सालों से सक्रिय। वर्तमान में Newg India में बतौर कंटेंट राइटर और मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर काम कर रही हूं, जहां हर कहानी को एक नए नजरिए से पेश करने की कोशिश करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.