नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। इंग्लैंड फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है और मैनचेस्टर (Manchester Test) में होने वाला अगला टेस्ट भारत के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसा बन गया है। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) इस अहम मुकाबले में बड़े फैसले ले सकते हैं और संभावित तौर पर टीम में पांच बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
कप्तानी पर उठे सवाल, अब जरूरत नई सोच की
भारत ने सीरीज की शुरुआत एजबेस्टन में जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद लीड्स और लॉर्ड्स में उसे हार का सामना करना पड़ा। खासतौर पर लॉर्ड्स टेस्ट में जीत की स्थिति में होने के बावजूद टीम 22 रन से मुकाबला हार गई। इस हार के बाद गिल की कप्तानी और प्लेइंग-11 चयन को लेकर आलोचना हुई। कहा गया कि परिस्थितियों के अनुरूप टीम संयोजन नहीं चुना गया।
खराब फॉर्म वालों पर गिर सकती है गाज
मैनचेस्टर टेस्ट से पहले कई खिलाड़ियों की जगह खतरे में है। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज करुण नायर (Karun Nair) ने तीन टेस्ट में सिर्फ 131 रन बनाए और अब उनका बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं ओपनर यशस्वी जायसवाल की भी फॉर्म में गिरावट देखी गई है। लॉर्ड्स में वे सिर्फ 40 और 14 रन बना सके। इसके अलावा ऋषभ पंत (Rishabh Pant) चोटिल हैं और अर्शदीप को डेब्यू का मौका नहीं मिलने की संभावना है।
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
इन बदलावों के तहत युवा बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। वे केएल राहुल के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में साई सुदर्शन की वापसी की उम्मीद है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी इस बार ध्रुव जुरेल को दी जा सकती है। गेंदबाजी विभाग में प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी लगभग तय मानी जा रही है जबकि आकाशदीप को बाहर बैठना पड़ सकता है।
संभावित भारतीय प्लेइंग-11 (मैनचेस्टर टेस्ट)
- अभिमन्यु ईश्वरन
- केएल राहुल
- साई सुदर्शन
- शुभमन गिल (कप्तान)
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- नीतीश कुमार रेड्डी
- रवींद्र जडेजा
- वाशिंगटन सुंदर
- प्रसिद्ध कृष्णा
- जसप्रीत बुमराह
- मोहम्मद सिराज
अब देखने वाली बात होगी कि शुभमन गिल की अगुवाई में यह बदली हुई टीम इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में कैसी चुनौती पेश करती है।



