नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी समेत देशभर में सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ और बोल बम-बम के जयकारे गूंजे। सुबह से ही मध्यप्रदेश के उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी), वैशाली में स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर, देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिरों में भक्तों की पूजा अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए तांता लगा हुआ है।
दिल्ली में सावन के पहले सोमवार में श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। तेज बारिश के बावजूद भी श्रद्धालुओं का हौसला कम नहीं हुआ है। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे भोले बाबा का जलाभिषेक करने के लिए आज खुद इंद्र देवता धरती पर उतर आए हैं। चांदनी चौके के प्राचीन श्री गौरी शंकर मंदिर में बाबा भोले को जल चढ़ाने के लिए लंबी कतार लगी हुई है। बारिश में भी बम बम भोले की गूंज से आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
समस्तीपुर जिले के विद्यापतिधाम स्थित प्रसिद्ध बालेश्वर स्थान शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मिथिलांचल का देवघर कहे जाने वाले इस धार्मिक स्थल पर सोमवार तडक़े सुबह 4 बजे से ही जलाभिषेक की शुरुआत हो गई। शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्रियां चढ़ाकर भगवान शिव से मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।

वैशाली में स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर भक्त सुबह से ही पूजा के लिए पहुंच रहे हैं। क्षद्धालुओं की लंबी कतार लगी है। इस दौरान भक्त बोल बम और हर-हर महादेव के नारे लगा रहे हैं। भीड़ को देखते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शिव भक्त गंगाजल, दूध, दही, शहद व बेलपत्र से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।
भागलपुर का सुल्तानगंज शिवभक्तों के आस्था का केंद्र बन गया है। यहां पहली सोमवारी को गंगा घाटों पर जल भरने के लिए श्रद्धालुओं का विशाल हुजूम उमड़ रहा है। देश के विभिन्न कोनों से आए भक्त यहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भर रहे हैं। यह जल भरकर भक्त करीब 105 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर निकल रहे हैं। जिसका गंतव्य देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर है। पूरा वातावरण बोल बम के जयघोष से गुंजायमान है। सुल्तानगंज से शुरू होने वाली यह यात्रा, भक्तों की अटूट श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। कांवडियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गोताखोर नाविक और एसडीआरएफ टीम की तैनाती की है। आज सुल्तानगंज का उत्तर वाहिनी गंगा घाट भगवामय हो गया है।



