दिल्ली: ट्रांस यमुना क्षेत्र के तीनों जिलों के लिए सेक्टर समितियों का गठन 

शिक्षा, गृह, बिजली एवं शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बाढ़ से निपटने की समीक्षा की। बोले, केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 15 जून से डीएम (पूर्वी) कार्यालय में कार्यरत है, जो पूरे शहर के लिए समन्वय केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

Share This Article:

नई दिल्ली: रेखा सरकार ने मानसून के दौरान बाढ़ से निपटने के लिए ट्रांस-यमुना क्षेत्र के तीनों जिलों के लिए तीन सेक्टर समितियों का गठन किया गया है। शिक्षा, गृह एवं ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को मानसून के दौरान बाढ़ की तैयारियों के मुद्दे पर चर्चा करने और संबंधित एजेंसियों के बीच तैयारियों एवं समन्वय का आकलन करने के लिए उत्तर-पूर्वी, शाहदरा और पूर्वी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक के दौरान जिलाधिकारियों के साथ मुख्य अभियंता, आई एंड एफसी विभाग, तथा संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उत्तर-पूर्व जिला के डीएम ने मंत्री को अवगत कराया कि संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों की पहचान कर उनको अन्य जगह भेजने की योजना तैयार की गई है। राहत शिविरों की स्थापना, राहत सामग्री वितरण और स्वयंसेवकों की तैनाती की योजना भी तैयार है। यमुना नदी के जलस्तर की वास्तविक समय निगरानी की जा रही है। इसके लिए सीडब्ल्यूसी, हथिनी कुंड बैराज और आईएमडी से डेटा लिया जा रहा है। हथिनी कुंड से छोड़े गए पानी के आधार पर तीन स्तरीय चेतावनी प्रणाली लागू की गई है, जिससे 36 घंटे पहले कार्यवाही की जा सकती है।  14 बचाव नावें, 26 पंप, 5 मोबाइल पंप और 1 स्थायी पंप कार्यशील हैं।  राजस्व, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, डीयूएसआईबी, स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा, डीडीए, पीडब्ल्यूडी और बीएसईएस सहित सभी प्रमुख विभागों के नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
पूर्वी जिला के डीएम ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली गई है।  हथिनी कुंड बैराज, सीडब्ल्यूसी और आईएमडी के बीच रीयल-टाइम नेटवर्क से निगरानी की जा रही है।  यातायात प्रबंधन योजना भी तैयार है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की तैयारी मुख्य अभियंता, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया  23 स्थायी पंपों के अतिरिक्त 4 अस्थायी और 5 मोबाइल पंप तैयार रखे गए हैं। सभी फ्लडगेट और रेगुलेटर कार्यशील स्थिति में हैं। विभाग अप्रत्याशित वर्षा से निपटने के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं।
सूद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेकलिस्ट आधारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध रूप से निकासी व राहत कार्य सुनिश्चित किए जाएं। विस्थापित लोगों को टेंट, पीने का पानी, भोजन और विशेष रूप से महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
जलभराव के संभावित स्थलों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती हो। बांधों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाए। यदि यमुना का जलस्तर 204.5 मीटर की चेतावनी सीमा पार करता है, तो निचले इलाकों में रहने वालों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। यातायात में बाधा न आए, इसके लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सुनिश्चित करे कि यमुना का पानी मुख्य सडक़ों में प्रवेश न करे। सभी फ्लडगेट व रेगुलेटर पूरी तरह कार्यशील रखें।  मंत्री महोदय स्वयं केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और फील्ड में तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

NewG Network

contact@newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.