नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के होटल ललित में मंगलवार को कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप–2026 के आधिकारिक शुभंकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनावरण किया। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद दिल्ली के खिलाड़ियों, खेल पारिस्थितिकी तंत्र और खेल संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक नितिन जिंदल, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों आदि का भी स्वागत किया।
दिल्ली देश के स्पोर्ट्स कैपिटल के रूप में पहचान स्थापित कर रही

आशीष सूद ने कहा कि आज का दिन केवल कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ के अनावरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के खेल भविष्य के लिए एक नई दृष्टि के उद्घाटन का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ और भविष्य में वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
चैंपियनशिप में 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे

उन्होंने बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में 25 कॉमनवेल्थ देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान दुनिया भर के खेल प्रेमियों और अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय की निगाहें दिल्ली पर होंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता दिल्ली के लिए अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि एक बड़ी यात्रा की शुरुआत है।
शिक्षा एवं खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भविष्य के कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए राजधानी को तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि एक मजबूत और विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा वातावरण विकसित कर रही है, जहां किसी भी परिवार का बच्चा यदि खिलाड़ी बनने का सपना देखे, तो उसे विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, खेल विज्ञान और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि खिलाड़ियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए हर आवश्यक सहयोग मिले।
दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करेगी

सूद ने बताया कि दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने जा रही है। इनमें तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस जैसे खेल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ये सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि दिल्ली की भावी खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाली मजबूत खेल पाइपलाइन के रूप में कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रही है और भविष्य में यही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करेंगे, जो कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगे का गौरव बढ़ाएंगे।
भारतीय परंपरा में मयूर गौरव, ऊर्जा और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है
सूद ने कहा कि विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी और विश्वस्तरीय खिलाड़ियों का निर्माण, दिल्ली सरकार की दोहरी रणनीति का हिस्सा है। सरकार का लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि ऐसे चैंपियन तैयार करना है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप का आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प, खेल भावना और भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। भारतीय परंपरा में मयूर गौरव, ऊर्जा और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है। यह शुभंकर दुनिया भर से दिल्ली आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ-साथ युवाओं को यह संदेश देगा कि भारतीय मूल्य और वैश्विक उत्कृष्टता साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।
शिक्षा एवं खेल मंत्री ने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों और सभी हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संयुक्त प्रयासों से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता संभव हो सकी है। उन्होंने सभी प्रतिभागी देशों के खिलाड़ियों का दिल्ली में स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली न केवल देश की राजनीतिक राजधानी के रूप में, बल्कि विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने वाली और चैंपियनों को तैयार करने वाली भारत की वास्तविक खेल राजधानी के रूप में भी स्थापित होगी। यह आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने तथा दिल्ली को एक प्रमुख खेल राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगा।



