बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, CCTV और कॉल रिकॉर्ड से खुलेंगे राज

उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। CCTV फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद SIT ने जांच तेज कर दी है और अब कॉल रिकॉर्ड समेत कई अहम सबूत खंगाले जा रहे हैं।

Share This Article:

बद्रीनाथ।अयोध्या के राम मंदिर के बाद अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सुर्खियों में है। इस मामले की जांच तेज करते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT ने मंदिर परिसर का दौरा किया और नए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच में CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

CCTV फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां

पुलिस के अनुसार, निलंबित बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC)के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल 2 जुलाई की CCTV फुटेज में दान-गणना कक्ष से नकदी, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और चढ़ावे के लिफाफे संदिग्ध तरीके से छिपाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि नौटियाल कई बार दान-गणना कक्ष और अपने कार्यालय के बीच आते-जाते नजर आए। पुलिस को आशंका है कि वह चोरी की गई सामग्री अपने कार्यालय में छिपा रहा था। फुटेज में उसे 500 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर तथा 10 से 12 हजार रुपये वाले चढ़ावे के लिफाफे अपने पास रखते हुए देखा गया है।

अन्य CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की जांच

SIT ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की CCTV फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही प्रमोद नौटियाल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान या उससे पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी।

तय प्रक्रिया का उल्लंघन

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 2 जुलाई को श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान की गिनती के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए नकदी को गिनती क्षेत्र से बाहर ले जाया गया था।

इस मामले में BKTC के प्रभारी मंदिर अधिकारी युधवीर पुष्पवान की शिकायत पर बद्रीनाथ थाने में FIR दर्ज की गई। SIT ने उनका बयान दर्ज करने के साथ-साथ CCTV कंट्रोल अधिकारी पंवार, दान-गणना के दौरान मौजूद हरेंद्र कोठारी और अन्य संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ की है।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला

निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन और दर्ज FIR को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत में हुई, जहां अदालत ने BKTC को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी।

चार स्तरों पर चल रही जांच

फिलहाल इस पूरे मामले की जांच चार अलग-अलग स्तरों पर जारी है—

पुलिस जांच
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम
BKTC की विभागीय जांच समिति
गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय जांच समिति

बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shivangi Shukla

Shivangi.shukla95512@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.